Google Analytics —— Meta Pixel

कुछ देश अपना दबदबा बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय नियमों का कर रहे उल्लंघन: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संयुक्त राष्ट्र के ट्रूप कंट्रीब्यूटिंग कंट्रीज (UNTCC) के प्रमुखों के सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज कल कुछ देश अंतरराष्ट्रीय नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं और उन्हें कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि कुछ अपने नियम बनाकर अगली सदी पर अपना दबदबा कायम करना चाहते हैं। इन सबके बीच भारत पुरानी अंतर्राष्ट्रीय संरचनाओं में सुधार की वकालत करते हुए, अंतरराष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने को प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत के लिए शांति स्थापना सिर्फ नीति नहीं, बल्कि आस्था का विषय है। स्वतंत्रता के बाद से ही भारत ने संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

यह भी पढ़ें:- दुनियाभर में शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहा भारत: मंगोलिया के राष्ट्रपति

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत महात्मा गांधी की भूमि है, जहां अहिंसा और सत्य हमारी संस्कृति की नींव हैं। गांधीजी के लिए शांति का अर्थ सिर्फ युद्ध की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि न्याय, सद्भाव और नैतिक बल की स्थिति था। उन्होंने कहा कि शांति स्थापना सिर्फ सैन्य मिशन नहीं, बल्कि मानवता की साझा जिम्मेदारी है। जब युद्धग्रस्त लोग “ब्लू हेलमेट” यानी संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों को देखते हैं तो उन्हें उम्मीद की किरण दिखाई देती है। अब तक लगभग 2.9 लाख भारतीय सैनिक, पुलिसकर्मी और चिकित्सा कर्मी 50 से ज्यादा संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सेवा दे चुके हैं। इन अभियानों में भारत के जवानों ने कांगो, कोरिया, दक्षिण सूडान और लेबनान जैसे क्षेत्रों में अपनी पेशेवर निष्ठा, साहस और करुणा से वैश्विक सम्मान अर्जित किया है। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने कहा कि भारत के 180 से ज्यादा शांति सैनिकों ने संयुक्त राष्ट्र के झंडे तले अपने प्राणों की आहुति दी है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उनका साहस और त्याग मानवता की सामूहिक चेतना में अंकित है। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज की चुनौतियों से निपटने के लिए पुरानी बहुपक्षीय संरचनाएं पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को आधुनिक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने वाला, सभी देशों को समान आवाज देने वाला और मानव कल्याण केंद्रित ढांचा बनना चाहिए।

रक्षा मंत्री ने सदस्य देशों से अपील की कि वे शांति मिशनों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी और वित्तीय सहयोग बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित संचार, निगरानी प्रणाली और मानवरहित प्लेटफॉर्म जैसे नवाचार मिशनों को और सुरक्षित बना सकते हैं। भारत का सेंटर फॉर यूनाइटेड नेशंस पीसकीपिंग (CUNPK) नई दिल्ली में अब तक 90 से ज्यादा देशों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे चुका है। रक्षा मंत्री ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के तहत भारत ने ऐसे स्वदेशी रक्षा उपकरण और तकनीकें विकसित की हैं, जो शांति अभियानों में उपयोगी हैं, जैसे मोबाइल प्लेटफॉर्म, सुरक्षित संचार प्रणाली, निगरानी तंत्र, यूएवी और चिकित्सा सहायता उपकरण। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि भारतीय महिला अधिकारी दक्षिण सूडान, गोलन हाइट्स और लेबनान जैसे मिशनों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। 2024 में एक भारतीय महिला अधिकारी को संयुक्त राष्ट्र मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने याद दिलाया कि 2007 में लाइबेरिया में भारत की सर्व-महिला पुलिस यूनिट ने विश्वभर में महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर नई मिसाल कायम की थी। रक्षा मंत्री ने कहा कि शांति स्थापना तभी सफल हो सकती है जब इसमें शामिल सभी देश एकजुट होकर कार्य करें। जो सैनिक मैदान में जोखिम उठाते हैं, उन्हें नीतियों के निर्माण में भी आवाज मिलनी चाहिए। (Defence Minister Rajnath Singh)

Back to top button
error: Content is protected !!