Google Analytics —— Meta Pixel

तेलंगाना में गिट्टी से लदे डंपर ने बस को मारी जोरदार टक्कर, 20 की मौत, कई घायल

Road Accident in Telangana: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह हैदराबाद-बीजापुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां गिट्टी से लदे एक डंपर ने आरटीसी बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस सवार 20 लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चेवेल्ला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के खानपुर गेट के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक डंपर का ड्राइवर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा। डंपर ने सामने से आ रही बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डंपर पर लदी गिट्टी बस के अंदर जा गिरी, जिससे यात्री उसमें दब गए।

यह भी पढ़ें:- भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, पहली बार जीता महिला वनडे वर्ल्ड कप

बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी और उसमें 70 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर कॉलेज छात्र थे। ये छात्र रविवार की छुट्टी में घर गए थे और सोमवार को कॉलेज लौट रहे थे। बस स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची। गिट्टी में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे को लेकर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल यात्रियों को हैदराबाद लाकर बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए हैं। CM ने यह भी निर्देश दिया है कि मौके पर इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं, पर्याप्त एम्बुलेंस और स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए जाएं, ताकि राहत कार्य तेजी से हो सके। हादसे के बाद हैदराबाद-बीजापुर नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लग गया। चेवेल्ला-विकाराबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन शुरू कर दिया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास जारी है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। (Road Accident in Telangana)

Back to top button
error: Content is protected !!