अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की पहली चुनावी हार, मिड-टर्म चुनावों के लिए खतरे की घंटी
Trump Election Defeat 2025: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की पहली बड़ी चुनावी परीक्षा उनके लिए झटका साबित हुई है। न्यूयॉर्क, वर्जीनिया और न्यू जर्सी में हुए चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जिससे ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के लिए अगले साल के मिड-टर्म चुनावों की राह कठिन होती दिख रही है। न्यूयॉर्क में मेयर का चुनाव डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने 50.4% वोट हासिल कर जीत लिया। ममदानी पिछले 100 सालों में न्यूयॉर्क के सबसे युवा, पहले भारतीय मूल और पहले मुस्लिम मेयर होंगे। विजय के बाद उन्होंने अपनी पत्नी रमा दुवाजी के साथ ‘धूम मचा ले’ गाने पर जश्न मनाया। उनके माता-पिता फिल्म निर्देशक मीरा नायर और महमूद ममदानी भी मंच पर मौजूद थे।
यह भी पढ़ें:- कोर्ट की बिल्डिंग न्याय का मंदिर हो, होटल नहीं, फिजूलखर्ची से बचना न्यायपालिका की जिम्मेदारी: CJI बीआर गवई
ममदानी ने अपनी जीत भाषण में जवाहरलाल नेहरू के ‘Tryst with Destiny’ भाषण का जिक्र करते हुए नए प्रशासन के लिए आशा जताई। ममदानी ने अतीत में क्लॉस्ट्रोफोबिया से जूझने के अनुभव भी साझा किए और बताया कि कैसे थेरेपी ने उन्हें इस चुनौती से बाहर निकाला। वर्जीनिया में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एबिगैल स्पैनबर्गर 57.5% वोट पाकर राज्य की पहली महिला गवर्नर बन गईं। यह किसी भी डेमोक्रेट उम्मीदवार के लिए सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत है। न्यू जर्सी में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार माइकी शेरिल ने 56.2% वोट पाकर जीत दर्ज की। यह पहला अवसर था, जब महिला उम्मीदवार ने 50% से ज्यादा वोट प्राप्त किए। (Trump Election Defeat 2025)
रिपब्लिकन पार्टी पर बढ़ा दबाव
इस चुनाव में 1,660 करोड़ रुपए खर्च हुए, जो 2005 में हुए रिकॉर्ड 1,197 करोड़ रुपए से ज्यादा है। इन नतीजों के बाद अमेरिका के 50 राज्यों में डेमोक्रेटिक गवर्नर की संख्या 24 और रिपब्लिकन गवर्नर की संख्या 26 हो जाएगी। यह ट्रंप की पार्टी के लिए दबदबा कम होने का संकेत है। विशेषज्ञों के मुताबिक नवंबर 2026 में होने वाले मिड-टर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं। यूक्रेन और गाजा युद्ध, टैरिफ वॉर और संघीय शटडाउन जैसी घटनाओं के बीच पार्टी को कांग्रेस में बहुमत बनाए रखने के लिए 9 महीनों से भी कम समय में जबरदस्त तैयारियां करनी होंगी।
संघीय शटडाउन से बढ़ी कठिनाइयां
अमेरिका में संघीय शटडाउन 36वें दिन में प्रवेश कर गया है, जो अब तक का सबसे लंबा शटडाउन बन गया है। लगभग 9 लाख संघीय कर्मचारियों का वेतन रुका हुआ है, जबकि 20 लाख कर्मी काम कर रहे हैं लेकिन भुगतान नहीं मिला। चुनाव परिणामों के बाद डेमोक्रेटिक नेताओं में उत्साह बढ़ा है और ट्रंप के नेतृत्व वाले रिपब्लिकन पार्टी के साथ गतिरोध और गहरा सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि इस बार चुनाव न सिर्फ राज्यों की सत्ता का, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक भविष्य का भी संकेत देंगे। (Trump Election Defeat 2025)



