Google Analytics —— Meta Pixel

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्डतोड़ 64.46% मतदान, महिलाओं की भागीदारी ज्यादा

Bihar Assembly Voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में राज्यभर में रिकॉर्डतोड़ 64.46% मतदान दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चले मतदान के दौरान मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में पहले चरण में सिर्फ 55.68% वोटिंग हुई थी। इस बार करीब 9 प्रतिशत ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है, जिसे चुनाव आयोग ने लोकतंत्र के लिए उत्साहजनक संकेत बताया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद गुंजियाल ने बताया कि इस बार महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही, जिससे मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि अभी 400 से ज्यादा मतदान केंद्रों की रिपोर्ट आना बाकी है, जिससे अंतिम आंकड़ा और बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें:- यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच हटाए गए IG रतनलाल डांगी , PHQ में अटैच

पहले चरण में बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। इन सीटों पर कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी किस्मत अब EVM में कैद हो गई है। इनमें से 104 सीटों पर सीधा मुकाबला और 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई रही। पहले चरण में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर रही। इनमें दो डिप्टी CM, 18 मंत्री और कई वरिष्ठ विधायक शामिल हैं। चर्चा में रहने वाली 10 हॉट सीटों में तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अनंत सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है और नतीजे आने तक सियासी सरगर्मी जारी रहने वाली है। (Bihar Assembly Voting)

NDA को पहले चरण में भारी बढ़त: PM मोदी

पहले चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- बिहार विधानसभा चुनावों के पहले चरण की वोटिंग में NDA ने भारी बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे चरण में भी हर तरफ NDA की लहर नजर आ रही है। डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा कि NDA पहले चरण में 121 सीटों में से लगभग 100 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि हम 2010 के चुनावी रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव भी अपनी सीट से हार रहे हैं। लालू परिवार का कोई भी सदस्य इस बार जीतकर नहीं आएगा। महागठबंधन ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान में जनता ने बदलाव के पक्ष में वोट डाला है।

पहले चरण के दौरान हुई यह 12 बड़ी घटनाएं

वोटिंग के दौरान कई जिलों से छिटपुट घटनाओं की खबरें भी सामने आई। हालांकि पूरा मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।

  • लखीसराय में डिप्टी CM विजय सिन्हा की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। इस दौरान RJD MLC अजय सिंह और डिप्टी CM विजय सिन्हा के बीच झड़प भी हुई।
  • पटना के मनेर में ID चेक करने पर RJD उम्मीदवार भाई वीरेंद्र ने दरोगा को धमका दिया और कहा- यहीं आग लगा देंगे।
  • वैशाली में RJD प्रत्याशी रविंद कुमार सिंह के भड़काने पर भीड़ ने CAPF जवानों पर पत्थर फेंके।
  • दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में पोलिंग एजेंट को धमकी देने की घटना के बाद पुलिस पर पथराव हुआ, दो लोग हिरासत में लिए गए हैं।
  • सारण में मांझी सीट से CPI उम्मीदवार सत्येंद्र कुमार की गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठी से हमला किया गया।
  • लखीसराय में बूथ कैप्चरिंग की सूचना पर SP मौके पर पहुंचे, करीब एक घंटे तक पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च किया।
  • वैशाली में 10 जिलों के EVM में तकनीकी खराबी की शिकायतें आईं। लालगंज में वोट चोरी के नारे लगे और मतदान कुछ समय के लिए रुक गया।
  • पटना साहिब में विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव की मतदान कर्मियों से नोकझोंक हुई।
  • सीवान, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के आठ बूथों पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। दरभंगा और सीवान में सड़क निर्माण, जबकि मुजफ्फरपुर में श्मशान घाट की मांग को लेकर विरोध किया गया।
  • नालंदा के बिहारशरीफ में चार बीजेपी कार्यकर्ताओं को बूथ के पास पर्ची बांटने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया।
  • नालंदा जिले के तीन बूथों पर एक भी वोट नहीं पड़ा।
  • मुंगेर के नक्सल प्रभावित भीमबंद गांव में 20 साल बाद पहली बार मतदान हुआ, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

महिला मतदाताओं ने तोड़ा रेकॉर्ड

इस बार महिला मतदाताओं की भागीदारी ने मतदान का स्वरूप बदल दिया। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी बूथों तक महिलाओं की लंबी कतार नजर आई। इस चरण में कई नक्सल प्रभावित इलाकों में भी लोगों ने मतदान किया। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की थी। पहले चरण के सफल समापन के साथ अब दूसरे चरण की वोटिंग की तैयारी शुरू हो गई है। राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियां और प्रचार तेज कर रहे हैं। अब सबकी नजरें 14 नवंबर के नतीजों पर हैं, जब यह साफ होगा कि जनता ने NDA या महागठबंधन में से किसे सत्ता की कमान सौंपी है। राज्य की 243 सीटों पर होने वाले चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। (Bihar Assembly Voting)

Back to top button
error: Content is protected !!