घर के पास खेलते-खेलते लापता हुए मासूम, कुएं में मिले भाई-बहन के शव

Two Bodies Found Well: खैरागढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां छुईखदान थाना क्षेत्र के झुरानदी गांव में एक कुएं से दो मासूम बच्चों का शव मिला है। एक भाई और उसकी डेढ़ साल की बहन के शव कुएं से बरामद किए गए हैं। बहन के मुंह और गले पर रुमाल बंधा मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना 9 नवंबर सुबह की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान 3 साल के करण वर्मा और उसकी डेढ़ साल की बहन के रूप में हुई है। दोनों बच्चे गांव के ही गजानंद वर्मा के बच्चे थे।
यह भी पढ़ें:- इंदिरा आवास की छत बनी काल, दानापुर में ढहा जर्जर मकान, नींद में ही पांच लोगों की जिंदगी खत्म
जानकारी के मुताबिक जिस बच्ची की लाश मिली है, वह जुड़वां बहनों में से एक थी, जबकि दूसरी बहन घर पर सुरक्षित थी। सुबह करीब आठ बजे दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। कुछ देर बाद जब वे दिखाई नहीं दिए तो परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान कुएं में किसी बच्चे का शव नजर आया। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने भी तुरंत पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। मोटर पंप की मदद से कुएं का पानी निकाला गया। पहले करण का शव बाहर निकाला गया, इसके बाद कुएं के आखिरी छोर में बच्ची की लाश मिली। (Two Bodies Found Well)
हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि घटना बेहद संवेदनशील है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। इसमें पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश या किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में घेराबंदी बढ़ा दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बच्चे चंचल और प्यारे थे। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। (Two Bodies Found Well)



