Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में कई प्रदर्शनकारी, राहुल बोले – साफ हवा मांगने वालों से अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों ?

Protest Against Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों में शामिल लोगों ने सरकार पर वायु प्रदूषण से निपटने में असफल रहने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। दरअसल, रविवार को इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और हमें साफ हवा चाहिए के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकारें एक-दूसरे पर दोष मढ़ने में व्यस्त हैं, जबकि दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है।

यह भी पढ़ें:- घर के पास खेलते-खेलते लापता हुए मासूम, कुएं में मिले भाई-बहन के शव

शाम होते-होते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोगों को इंडिया गेट से हटाया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के पास अनुमति नहीं थी और एहतियातन यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर ही अधिकृत स्थल है। विरोध प्रदर्शन में शामिल पर्यावरण कार्यकर्ता भवरीन कंधारी ने कहा कि दिल्ली में हर तीसरे बच्चे के फेफड़े प्रदूषण से प्रभावित हैं। हालात भयावह हैं। वहीं एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि सरकारें सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप में लगी हैं, जबकि स्वच्छ हवा हमारा बुनियादी अधिकार है। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं और केंद्र-राज्य सरकार से वायु प्रदूषण पर ठोस कदम उठाने की मांग की। (Protest Against Pollution)

राहुल गांधी ने की सरकार की आलोचना

प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने X पोस्ट पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा- शांतिपूर्ण तरीके से साफ हवा की मांग करने वाले नागरिकों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है? वायु प्रदूषण करोड़ों भारतीयों को प्रभावित कर रहा है, हमारे बच्चों और देश के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन वोट चोरी से सत्ता में आई सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है। हमें नागरिकों पर हमला करने के बजाय प्रदूषण पर निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।

गंभीर श्रेणी में दिल्ली की हवा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 391 रहा, जो गंभीर श्रेणी में आता है। बवाना में AQI 436, पटपड़गंज में 425, आरके पुरम में 422 और आनंद विहार में 412 दर्ज हुआ। यह इस सीजन का अब तक का सबसे खराब स्तर है। दोपहर बाद धूप निकलने पर मामूली सुधार देखा गया, लेकिन हवा की गुणवत्ता अब भी बेहद खराब रही। (Protest Against Pollution)

अस्पतालों में सांस के मरीजों की बढ़ोतरी

राजधानी के कई अस्पतालों में सांस और अस्थमा के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों के मुताबिक ओपीडी में मरीजों की संख्या 10 से 15 फीसदी तक बढ़ी है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग सुबह-शाम के समय बाहर निकलने से बचें, मास्क पहनें और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अब दिल्ली को अस्थायी नहीं, दीर्घकालिक समाधान की जरूरत है। (Protest Against Pollution)

सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग में बदलाव

प्रदूषण और ट्रैफिक में कमी लाने के लिए दिल्ली सरकार ने सरकारी और MCD दफ्तरों की टाइमिंग बदलने का फैसला किया है। दिल्ली सरकार के दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे। MCD दफ्तर सुबह 8:30 से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। नई टाइमिंग 15 नवंबर से 15 फरवरी 2026 तक लागू रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे पीक ऑवर ट्रैफिक कम होगा और प्रदूषण घटाने में मदद मिलेगी। दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ नागरिकों का आक्रोश सड़कों पर दिखा, लेकिन सरकार ने इसे अनुमति-रहित प्रदर्शन बताते हुए कार्रवाई की। हालांकि राजधानी की हवा अब भी जहरीली है और अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!