राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल का बड़ा दावा, कहा- हरियाणा से बिहार भेजे गए 6 हजार प्रोफेशनल वोटर्स

MP Kapil Sibal Allegation: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और राजद सांसद एडी सिंह ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा से 6 हजार प्रोफेशनल वोटर्स को बिहार भेजा गया है, ताकि चुनाव नतीजों को प्रभावित किया जा सके। दोनों सांसदों ने कहा कि ये सभी लोग फर्जी वोट डालने के लिए लाए जा रहे हैं और इस पूरे प्रकरण की तत्काल जांच होनी चाहिए। सांसद कपिल सिब्बल ने दावा किया कि 3 नवंबर को हरियाणा से 6 विशेष ट्रेनें बिहार के लिए रवाना हुईं। पहली ट्रेन सुबह 10 बजे करनाल से बरौनी के लिए गई।
उन्होंने कहा कि दूसरी ट्रेन सुबह 11 बजे करनाल से भागलपुर के लिए निकली। तीसरी और चौथी ट्रेनें दोपहर 3 और 4 बजे गुरुग्राम से भागलपुर के लिए रवाना हुईं। उन्होंने कहा कि हर ट्रेन में औसतन 1,500 यात्री सवार थे। इन यात्रियों को संदिग्ध वोटर बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग प्रोफेशनल वोटर्स हैं, जो अलग-अलग राज्यों के चुनावों में फर्जी वोट डालने के लिए भेजे जाते हैं। राजद सांसद ए.डी. सिंह ने और भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हमें जानकारी मिली है कि इन प्रोफेशनल वोटर्स को हरियाणा से बिहार पहुंचाने के लिए उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को हरियाणा BJP अध्यक्ष मोहनलाल और प्रदेश भाजपा महामंत्री अर्चना गुप्ता से संपर्क करने को कहा गया था। (MP Kapil Sibal Allegation)
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
उन्होंने आगे कहा कि ये लोग फर्जी EPIC कार्ड के साथ आते हैं, वोट डालते हैं और फिर वापस चले जाते हैं। यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। विवाद तब और गहराया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ यात्री यह कहते सुने गए कि उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्थानीय भाजपा नेताओं की ओर से फ्री टिकट दी गई है, ताकि वे बिहार जाकर वोट डाल सकें। वीडियो में यात्रियों ने यह भी कहा कि जाने की टिकट तो फ्री थी, लेकिन लौटने की नहीं दी गई। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। (MP Kapil Sibal Allegation)
कपिल सिब्बल के पांच सवाल
- क्या जो लोग गए वे बिहार के वोटर हैं या किसी योजना के तहत भेजे गए?
- क्या इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा या उनके सहयोगियों की है ?
- जो लोग इन ट्रेनों से पहुंचे, वे कहां ठहरे हैं और उनकी व्यवस्था किसने की ?
- क्या ट्रेनों का किराया भाजपा ने भरा ?
- क्या ये ‘प्रोफेशनल वोटर्स’ हैं, जो फर्जी ID से वोट डाल रहे हैं ?
दरअसल, 3 नवंबर को हरियाणा के करनाल और गुरुग्राम से बिहार के लिए छह विशेष ट्रेनें रवाना हुईं। इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में बिहार मूल के लोग सवार थे। एक ट्रेन को भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने रवाना किया था, जिसके बाद विपक्ष ने इसे वोटर ट्रेन करार देते हुए चुनाव आयोग से जांच की मांग की। आरोपों को लेकर रेल मंत्रालय ने सफाई दी है और कहा है कि यह कदम त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उठाया गया था। मंत्रालय के अनुसार इस अवधि में कुल 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनमें 10,700 निर्धारित और 2,000 अनिर्धारित ट्रेनें हैं। भीड़ बढ़ने पर यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत अतिरिक्त ट्रेनें लगाई जाती हैं।
बिहार चुनाव की स्थिति
बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को संपन्न हो चुकी है। दूसरे चरण के लिए वोटिंग 11 नवंबर को होगी। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। (MP Kapil Sibal Allegation)



