छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी रेल यात्रियों की समस्या, बिलासपुर से होकर गुजरने वाली 6 ट्रेनें रद्द
Train Cancelled in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। दरअसल, दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल मंडल में शालीमार यार्ड के आधुनिकीकरण कार्य की शुरुआत 12 नवंबर से हो गई है। इसके चलते बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 6 ट्रेनें 14 दिनों तक रद्द रहेंगी, जिनमें दो नियमित और दो साप्ताहिक ट्रेनें शामिल हैं। हावड़ा-मुंबई मार्ग पर चलने वाली शालीमार-एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 10-10 दिन और साप्ताहिक एक्सप्रेस 3-3 दिन के लिए रद्द रहेंगी।
यह भी पढ़ें:- महतारी वंदन योजना के लिए ई-KYC हुआ अनिवार्य, पूर्व CM भूपेश बघेल ने उठाए सवाल
वहीं चार अन्य ट्रेनें कुछ दिनों के लिए सिर्फ आधे रास्ते तक चलेंगी और वहीं से लौट जाएंगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ ही बिलासपुर मंडल में बिलासपुर-झारसुगड़ा सेक्शन में चौथी लाइन बिछाने का काम जारी है। इस कड़ी में चांपा-खरसिया सेक्शन के सारागांव स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का काम 13 नवंबर से शुरू हो गया। इसके कारण बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन 13 से 17 नवंबर तक चार दिनों के लिए रद्द रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय रद्द और आंशिक रूप से चलने वाली ट्रेनों की जानकारी अवश्य लें और वैकल्पिक व्यवस्था करें।
रद्द होने वाली ट्रेनों की सूची
- 18029 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 13 से 23 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस 13 से 21 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 12151 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 12, 13, 19 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 12152 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस 14, 15, 21 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 68738/68737 बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 14 से 17 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर 13 से 16 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 14 से 17 नवंबर तक रद्द रहेगी।
बीच रास्ते समाप्त होने वाली ट्रेनें
- 12101 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 18 नवंबर को सांतरा-गाछी स्टेशन पर समाप्त होगी।
- 12102 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस 20 नवंबर को सांतरा-गाछी से ही एलटीटी के लिए रवाना होगी।
- 12905 पोरबंदर-शालीमार एक्सप्रेस 19 नवंबर को सांतरा-गाछी स्टेशन पर समाप्त, सांतरा-गाछी और शालीमार के बीच रद्द रहेगी।
- 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर 14 से 17 नवंबर तक बिलासपुर स्टेशन पर समाप्त होगी, बिलासपुर-झारसुगड़ा के बीच रद्द रहेगी।
- 68862 झारसुगड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर 14 से 17 नवंबर तक बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी।



