Google Analytics —— Meta Pixel

नौकरी और लोन के नाम पर धोखाधड़ी, बिलासपुर, बलरामपुर और बस्तर में 11 लाख से 72 लाख तक की ठगी

Fraud in Chhattisgarh: बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मेट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती के बहाने एक युवक ने युवती से लगभग 11 लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ने युवती को सरकारी अस्पताल में नर्स की नौकरी लगवाने का झांसा दिया और धीरे-धीरे लाखों रुपए ऐंठ लिए। जानकारी के मुताबिक कोरबा जिले की जेलगांव की रहने वाली 22 साल की साधना यादव की मुलाकात साल 2023 में जांजगीर-चांपा जिले के पवन यादव से एक मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और विश्वास कायम हुआ। इसी दौरान आरोपी ने खुद को सरकारी संपर्कों वाला बताते हुए साधना को बिल्हा सरकारी अस्पताल में नर्स की नौकरी लगवाने का लालच दिया। (Fraud in Chhattisgarh)

यह भी पढ़ें:- सामाजिक बहिष्कार से परेशान शख्स ने राज्यपाल से की इच्छा मृत्यु की मांग, भूख हड़ताल की दी चेतावनी

युवती ने पहली मुलाकात के दौरान बिलासपुर के रामा मैग्नेटो मॉल में युवक को 3 लाख रुपए कैश दिए, जबकि बाकी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। लंबे इंतजार के बाद भी नौकरी न मिलने और रुपए वापस न करने पर पीड़िता ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है। वहीं बलरामपुर से भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां पुलिस विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर 72 लाख रुपए की ठगी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बस्तर में किसानों से 13 लाख की ठगी

आरोपी सामरी थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण में पोकलेन का ड्राइवर था। उसने एक ग्रामीण महिला को अपने झांसे में लेकर पीड़िता से कई किस्तों में कुल 72 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने पीड़िता के बच्चों को पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसा बैंक खाते में लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी मध्यप्रदेश के सीधी जिले का रहने वाला है। वहीं बस्तर जिले के सिरिसगुड़ा में किसानों को झांसा देकर लोन निकालने का मामला सामने आया है। किसानों की शिकायत पर बड़ांजी थाना में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई। कांकेर के नरहरपुर के रहने वाले नोमेश कुंजाम ने किसानों कोसा मंडावी और नहरु मंडावी से उनके दस्तावेज हासिल कर लोन दिलाने का झांसा दिया।

केसीसी लोन दिलाने के नाम पर ठगी

आरोपी ने खुद को HDFC बैंक का कर्मचारी बताया और केसीसी लोन दिलाने का वादा किया। दस्तावेजों के सहारे उसने किसानों के खाते से 13 लाख रुपए का लोन निकाल लिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच तेज कर दी है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि जनता सतर्क रहे और किसी भी नौकरी या लोन के ऑफर में हमेशा दस्तावेज-सत्यापन की पूरी जांच करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके। (Fraud in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!