भारत-पाक तनाव पर ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- 350% टैरिफ की धमकी पर PM मोदी ने रोकी जंग
Trump on India Pakistan: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मई में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने 350% टैरिफ लगाने की चेतावनी देकर युद्ध को रोका था। ट्रंप के मुताबिक दोनों देश परमाणु हथियारों तक जाने की तैयारी कर चुके थे, लेकिन उनकी दखल से स्थिति नियंत्रण में आई। ट्रंप ने यह बयान बुधवार को अमेरिका-सऊदी इन्वेस्टमेंट फोरम में दिया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का फोन आया, जिन्होंने कहा कि उनकी वजह से लाखों जान बच गई। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया और उन्होंने कहा कि भारत अब युद्ध नहीं करेगा।
यह भी पढ़ें:- सिमगा: मद्यपान, अनुपस्थिति और ड्यूटी लापरवाही- प्राचार्य समेत तीन शिक्षक निलंबित
7 मई को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। 10 मई को दोनों देशों ने अचानक सीजफायर की घोषणा की थी, जिसे लेकर ट्रंप ने सबसे पहले सोशल मीडिया पर जानकारी साझा कर श्रेय लिया था। भारत ने उस समय साफ कहा था कि यह संघर्ष विराम भारत-पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत के बाद हुआ है और इसमें किसी तीसरे देश की भूमिका नहीं है। हालांकि इसके बाद भी ट्रंप बीते 6 महीनों में 60 से ज्यादा बार यह दावा दोहरा चुके हैं कि उनकी मध्यस्थता के कारण भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव खत्म हुआ, लेकिन भारत इन सभी दावों को नकारता रहा है।
पहले 250% टैरिफ लगाने का दिया था बयान
29 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया में हुए APEC CEO समिट में भी ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान दोनों को 250% टैरिफ की धमकी दी थी। उनका दावा है कि इसके दो दिन बाद दोनों देशों ने उन्हें फोन कर सीजफायर की जानकारी दी। इस दौरान ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तारीफ भी की थी। ट्रंप ने अमेरिका में दूसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव जीतने के बाद 5 विवादित कदम उठाए, जिससे भारत नाराज हुआ है। (Trump on India Pakistan)
भारतीयों को हथकड़ी लगाकर किया डिपोर्ट
फरवरी 2025 में अवैध रूप से रहने वाले कई भारतीय नागरिकों को हथकड़ी लगाकर डिपोर्ट करने का वीडियो जारी किया गया। भारतीय समुदाय ने इसे अपमानजनक बताया।
सीजफायर का एकतरफा श्रेय लेना
मई 2025 के तनाव के दौरान ट्रंप ने ट्वीट कर दावा किया कि भारत-पाकिस्तान सीजफायर उनकी पहल पर हुआ। भारत ने इसे खारिज कर कहा कि किसी तीसरे देश की भूमिका नहीं थी।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख से मुलाकात
ट्रंप ने फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को व्हाइट हाउस बुलाकर बैठक की। भारत ने इस पर कहा कि भारत-पाक तनाव में किसी बाहरी मध्यस्थता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। (Trump on India Pakistan)
भारत पर 50% लगाया टैरिफ
अगस्त 2025 में अमेरिका ने भारत पर 25% रेसीप्रोकल टैरिफ और रूस से तेल खरीद पर 25% पेनल्टी लगाई। इतिहास में भारत पर इतना ज्यादा टैरिफ पहली बार लगाया गया। (Trump on India Pakistan)
वीजा और इमिग्रेशन नियम किए सख्त
सितंबर 2025 में H-1B समेत कई नॉन-इमीग्रेंट वीजा शर्तें कड़ी की गई। इससे अमेरिका में काम कर रहे भारतीय प्रोफेशनलों और कंपनियों पर असर पड़ा। 10 नवंबर को ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका नए व्यापार समझौते के करीब हैं। उन्होंने संकेत दिया कि भारत पर लगाए गए टैरिफ धीरे-धीरे कम किए जाएंगे। ट्रंप ने कहा कि भारत ने रूसी तेल खरीद काफी कम कर दी है, इसलिए हम टैरिफ कम करेंगे। इससे पहले ट्रंप ने भारत को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक और दुनिया का सबसे बड़ा देश बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके शानदार संबंध हैं। उन्होंने नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो की भूमिका की भी प्रशंसा की और कहा कि वे दोनों देशों के आर्थिक और सुरक्षा संबंध मजबूत करेंगे।



