Google Analytics —— Meta Pixel

हिंदू युवती और मुस्लिम युवक की शादी के आवेदन पर हंगामा, राजनांदगांव में मचा बवाल

Uproar over Marriage Application: राजनांदगांव में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक की शादी का मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया। दोनों ने सरकारी विवाह पंजीयन कार्यालय में शादी का आवेदन दिया था, जिसकी खबर दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के तहत अखबारों में छपी। इसके बाद हिंदू संगठनों और साहू समाज के लोगों ने चिखली थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। साथ ही आपत्ति जताई। मोतीपुर की रहने वाली यमुना साहू चार दिन पहले मामा के घर जाने का कहकर निकली थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। बाद में परिवार को पता चला कि उसने एक मुस्लिम युवक से शादी के लिए आवेदन कर दिया है। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ की जर्जर सड़कों पर हाईकोर्ट सख्त, NIT रिपोर्ट देने के लिए सरकार को 2 हफ्ते का समय

यह जानकारी अखबारों में प्रकाशित होते ही मामला तूल पकड़ लिया। युवती के परिवारवालों, साहू समाज के प्रतिनिधियों और हिंदू संगठनों ने थाने में विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप था कि युवती को बहला-फुसलाकर शादी के लिए राजी किया गया है। स्थिति तनावपूर्ण होने लगी तो पुलिस ने तुरंत युवक और युवती दोनों को थाने बुलाया। थाने में देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझाइश चलती रही। इस दौरान युवती ने साफ शब्दों में कहा कि वह अपनी इच्छा से मुस्लिम युवक से शादी करना चाहती है और उसी के साथ रहना चाहती है। (Uproar over Marriage Application)

परिवार की मांग-युवती घर लौट आए

परिजन और समाज के लोग चाहते हैं कि युवती अपने घर वापस आए और इस शादी को रोका जाए। उन्होंने विवाह पंजीयन कार्यालय में इस विवाह के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने की बात कही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने कहा कि दोनों ही बालिग हैं, इसलिए पुलिस किसी अपराध की धाराओं में कार्रवाई नहीं कर सकती। हमारा काम सिर्फ शांति और व्यवस्था बनाए रखना है। थाने के बाहर देर रात तक भीड़ रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि युवती के बयान और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आगे की प्रक्रिया कानून के अनुसार की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!