Google Analytics —— Meta Pixel

30 फीट नीचे सोती नदी में गिरी कार, 5 की मौत, शादी से लौटते समय हुआ हादसा 

Accident in Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां शादी समारोह से लौट रही एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर 30 फीट नीचे सोती नदी में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर को ग्रामीणों ने CPR देकर बचा लिया। मृतकों में 4 बहराइच के गंगा बैराज में कार्यरत सरकारी कर्मचारी थे। घटना रात करीब 11:40 बजे पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर पारसपुरवा गांव के पास हुई। कार पुल से गुजर रही थी, तभी अंधेरे में अचानक मोड़ आने पर वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। 

यह भी पढ़ें:- अरुणाचल को लेकर चीन-भारत में फिर तनातनी, भारत ने दिया करारा जवाब

स्थानीय लोगों के मुताबिक कार का गेट लॉक हो गया था, जिसकी वजह से अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। कार नदी के तेज बहाव में 30-40 फीट दूर बह गई और धीरे-धीरे डूब गई। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण टॉर्च लेकर नाव से नदी में उतरे, कार में रस्सी बांधी और उसे बाहर निकाला। गेट लॉक होने पर ईंट से शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी को तुरंत CHC रमिया बेहड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर बबलू (28) को CPR देने से होश आ गया। (Accident in Lakhimpur Kheri)

अंधेरे के चलते हुआ हादसा: ड्राइवर

मृतकों की पहचान जितेंद्र (23), घनश्याम (25), लालजी (45) और सुरेश (50) के रूप में हुई है। हालांकि एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सभी मृतक बहराइच के गंगा बैराज के कर्मचारी थे। ड्राइवर ने बताया कि स्पीड ज्यादा नहीं थी। पुल पर अंधेरा था। अचानक मोड़ आया तो कार फिसलकर नदी में गिर गई। ग्रामीणों ने मुझे बचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरने की आवाज सुनते ही वे दौड़े। कार पानी में डूब रही थी और अंदर बैठे लोग छटपटा रहे थे। कुछ ही देर में कार पूरी तरह डूब गई। पुलिस पहुंची तो ग्रामीण नाव लेकर उतरे और रस्सी से कार को किनारे खींचकर यात्रियों को बाहर निकाला गया।

उत्तराखंड में 70 मीटर गहरी खाई में गिरी बस 

इससे पहले उत्तराखंड के टिहरी में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जहां कुंजापुरी-हिंडोलाखाल मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी बस 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हैं और उनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा बस के ब्रेक फेल होने से हुआ। बस ऋषिकेश के दयानंद आश्रम से 29 यात्रियों को लेकर कुंजापुरी मंदिर गई थी और लौटते समय खाई में गिर गई। (Accident in Lakhimpur Kheri)

मृतकों में ये शामिल 

  • अनीता चौहान (दिल्ली)
  • पार्थसाथी मधुसूदन जोशी (गुजरात)
  • नमिता प्रभोध (महाराष्ट्र)
  • अनुज वेंकटरमन (बैंगलुरु)
  • आशु त्यागी (सहारनपुर, UP)

घायलों में दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के कई यात्री शामिल हैं। 6 गंभीर घायलों को ऋषिकेश AIIMS भेजा गया है, जबकि बाकियों को नरेंद्रनगर के श्री देव सुमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश में सड़क हादसों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। साल 2023 में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या पिछले सालों की तुलना में और ज्यादा रही। रिपोर्ट बताती है कि भारत में रोजाना औसतन सैकड़ों सड़क हादसे होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवा देते हैं। 2023 में 4 लाख 64 हजार 29 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई। इन हादसों में 1 लाख 73 हजार 826 लोगों की मौत हुई। जबकि 4.47 लाख से ज्यादा लोग घायल हुए।

Back to top button
error: Content is protected !!