दो दिवसीय भारत दौरे पर आज पहुंचेंगे पुतिन, 25 साल की रणनीतिक साझेदारी पर बड़े समझौते की तैयारी
President Putin India Tour: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज शाम (4 दिसंबर) को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंच रहे हैं। यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने के मौके पर यह दौरा हो रहा है। इसे दोनों देशों के बीच 23वें द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा होगी। इसलिए दुनिया की नजरें इस दौरे पर टिकी हुई हैं। दो दिनों तक पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, परमाणु सहयोग, स्वास्थ्य, कृषि और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से जुड़े कई बड़े समझौतों और MoU पर मुहर लगने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अवैध धान पर सख्ती, कई जिलों में कार्रवाई तेज, करोड़ों के धान जब्त
पुतिन का विमान शाम 6:40 बजे दिल्ली पहुंचेगा, जहां उनके स्वागत के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर खुद एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। पुतिन एयरपोर्ट से सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास पहुंचेंगे। दोनों नेताओं के बीच आज शाम अनौपचारिक बातचीत के बाद एक निजी रात्रिभोज का आयोजन है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रारंभिक चर्चा होगी। राजधानी में इस दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं, क्योंकि पुतिन के इस दौरे पर न सिर्फ भारत और रूस बल्कि पश्चिमी देशों और वैश्विक कूटनीति की भी गहरी नजर है। यात्रा का औपचारिक हिस्सा 5 दिसंबर की सुबह शुरू होगा, जब राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से पुतिन का स्वागत किया जाएगा। (President Putin India Tour)
पुतिन के साथ पहुंचा बड़ा प्रतिनिधिमंडल
तीनों सेनाओं की टुकड़ियां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देंगी। इसके बाद रूसी राष्ट्रपति राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्रद्धांजलि के बाद वे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठकों में शामिल होंगे। इस बैठक में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, परमाणु सहयोग, मीडिया और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। रूसी पक्ष की ओर से पुतिन के साथ एक बड़ा और प्रभावशाली प्रतिनिधिमंडल भारत आया है, जिसमें रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलोउसॉव, प्रमुख उद्योगपति, रूस के सबसे बड़े बैंक स्बेरबैंक के प्रमुख और हथियार निर्यातक रोसोबोरोन एक्सपोर्ट के अधिकारी शामिल हैं। इससे संकेत मिलता है कि आर्थिक सहयोग, रक्षा समझौते और ऊर्जा साझेदारी इस यात्रा के मुख्य स्तंभ हैं।
इन मुद्दों पर होगी बड़ी बातचीत
रक्षा क्षेत्र में भारत और रूस के बीच गहरे रिश्ते हैं। भारत अभी भी हथियारों और सैन्य तकनीक के मामले में रूस पर काफी निर्भर है। पुतिन की इस यात्रा के दौरान एस-400 मिसाइल सिस्टम की अतिरिक्त इकाइयों पर बातचीत होने की संभावना है। रूस की ओर से अत्याधुनिक लड़ाकू विमान Su-57 को भी भारत को ऑफर किया गया है। इसके अलावा, ब्रह्मोस प्रोजेक्ट जैसे उच्च तकनीकी कार्यक्रमों के विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है। खासतौर पर उस समय जब पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण रूस कई सप्लाई चेन चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऊर्जा क्षेत्र भी इस यात्रा का बड़ा मुद्दा है। रूस भारत को कच्चे तेल का एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है, लेकिन डॉलर-आधारित लेन-देन पर अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते दोनों देशों ने अब व्यापार को तीसरे देशों के दबाव से बचाने के लिए नए तंत्र विकसित करने पर बातचीत की है।
बड़ा व्यापार घाटा कम करने की कोशिश
रूस चाहता है कि भारत सखालिन-1 परियोजना में अपनी 20% हिस्सेदारी बहाल करे और तकनीकी उपकरणों की आपूर्ति में सहयोग दे। दूसरी ओर भारत व्यापार घाटे को लेकर अपनी चिंता उठा चुका है और रूस ने इसे दूर करने का आश्वासन दिया है। परमाणु ऊर्जा सहयोग भी चर्चा का अहम हिस्सा रहेगा। रूस छोटे मॉड्यूलर न्यूक्लियर रिएक्टरों की उन्नत तकनीक भारत के साथ साझा करने के लिए तैयार है। वर्तमान में चल रही कुडानकुलम परियोजना को आगे बढ़ाने और नई यूनिटों की संभावनाओं पर भी बात होगी। यह भी संकेत मिले हैं कि रूस नागरिक परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के साथ निवेश बढ़ाने का इच्छुक है। (President Putin India Tour)
भारत में करीब 30 घंटे बिताएंगे पुतिन
दोपहर में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन भारत मंडपम में आयोजित भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। इस मंच पर व्यापार और निवेश के नए अवसरों पर जोर रहेगा। बैठक में दोनों देशों के कई शीर्ष उद्योगपति और कारोबारी नेता हिस्सा ले सकते हैं। शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में राजकीय भोज आयोजित किया जाएगा। लगभग 30 घंटे भारत में रहने के बाद पुतिन रात में ही मॉस्को के लिए रवाना हो जाएंगे। कुल मिलाकर यह यात्रा रक्षा, ऊर्जा, परमाणु सहयोग और व्यापार के क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने वाली मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-रूस के हालिया बैक-चैनल संवाद और वैश्विक भू-राजनीति के बदलते समीकरणों के बीच यह यात्रा भारत को रूस के साथ अपनी दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर देगी।



