छत्तीसगढ़ के दो जिलों में प्रसव के दौरान गई मां-बच्चों की जान, 4 मौतों से स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

Death During Childbirth: छत्तीसगढ़ के दो जिलों में प्रसव के दौरान दो महिलाओं और उनके नवजात बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने अस्पतालों पर लापरवाही, समय पर इलाज न देने, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और रेफर प्रक्रिया में देरी जैसे कई आरोप लगाए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने इन घटनाओं को देर से अस्पताल पहुंचने और जागरूकता की कमी से जुड़ा बताया है।
यह भी पढ़ें:- अंबिकापुर में झाड़-फूंक के नाम पर ठगी और अपहरण की कोशिश, तीन आरोपी गिरफ्तार
गौरेला विकासखंड के जोगीसार गांव के तरैयापारा में रहने वाली 30 साल की अनीता बाई चौथी बार गर्भवती थी, जिसे 29 नवंबर की सुबह 10 बजे प्रसव पीड़ा बढ़ने के बाद मितानिन क्रांति पैकरा की मदद से एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल लाया गया। परिजनों का आरोप है कि सुबह से शाम तक ऑपरेशन नहीं किया गया, न ही समय पर उचित इलाज मिला और डॉक्टरों ने निरीक्षण में भी लापरवाही बरती। कई घंटों के बाद पता चला कि स्थिति गंभीर है। शाम को हालत बिगड़ने पर उसे बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही एंबुलेंस के अंदर अनीता और नवजात दोनों की मौत हो गई। (Death During Childbirth)
![]()
मृतिका के पति शंकर यादव ने कहा कि अस्पताल में दवा और अन्य खर्चों के नाम पर पैसा मांगा गया। नर्स को 4,000 रुपए भी दिए। फिर भी कोई डॉक्टर समय पर नहीं आया। मेरी पत्नी और बच्चा दोनों को लापरवाही के कारण खोना पड़ा। मृतिका की सास मुन्नी बाई ने कहा कि दो बार ऑपरेशन के लिए अंदर ले गए, लेकिन कुछ नहीं किया। शाम को रेफर किया और रास्ते में मौत हो गई। मितानिन क्रांति पैकरा ने भी अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि पूरा दिन बीत गया, लेकिन प्रसूता की सक्रिय देखभाल नहीं हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों पर फोड़ा ठीकरा…!
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर पैकरा ने कहा कि प्रसूता को 3 दिन पहले भर्ती होने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजन हर बार उसे वापस घर ले जाते थे। अस्पताल आने के समय तक बच्चा फंस चुका था। ओटी टेबल पर बहुत ज्यादा ब्लीडिंग के कारण तत्काल रेफर करना पड़ा। उन्होंने इस घटना को जनजागरूकता की कमी और देरी से भर्ती होने की समस्या बताया। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। अनीता के तीन छोटे बच्चे मां के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। जबकि उन्हें अब तक यह नहीं बताया गया कि उनकी मां अब कभी वापस नहीं लौटेगी।
सूरजपुर में भी जच्चा-बच्चा की मौत
वहीं सूरजपुर जिले के लाछा गांव की रहने वाली 37 साल की कविता सिंह को 8 दिसंबर की रात प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे निजी वाहन से सूरजपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में रात के समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। सिर्फ नर्सिंग स्टाफ था। नर्सों ने स्लाइन चढ़ाई, लेकिन प्रसव न होने पर सुबह करीब 4 बजे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस से अंबिकापुर ले जाते समय रास्ते में ही कविता का प्रसव हो गया। नवजात बच्चा मृत पैदा हुआ। सुबह 6:50 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने कविता को भी मृत घोषित कर दिया। (Death During Childbirth)
![]()
पति आदित्य सिंह ने कहा कि डॉक्टर होते तो मेरी पत्नी और बच्चा जिंदा होते। सूरजपुर अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं था, इसलिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही सब खत्म हो गया। वहीं अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज की गायनिक विभाग की प्रभारी डॉ. अविनाशी कुजूर ने बताया कि महिला को सुबह 4:30 बजे रेफर किया गया, 6:50 बजे अस्पताल लाई गई, जांच में बीपी और पल्स नहीं मिले। पूछताछ में पता चला कि एंबुलेंस में ही डिलीवरी हो चुकी थी। सूरजपुर CMHO डॉ. कपिल देव पैकरा ने कहा कि महिला की स्थिति पहले से गंभीर थी। शरीर में सूजन, बीपी हाई और खून की कमी थी। प्राथमिक इलाज के बाद ही रेफर किया गया।
सवालों के घेरे में स्वास्थ्य व्यवस्था
CMHO ने रात में डॉक्टर नहीं होने की शिकायतों को खारिज किया और जांच की बात कही। दोनों मामलों में एक जैसी बातें सामने आती हैं। डॉक्टरों की अनुपस्थिति के आरोप, इलाज में देरी, समय पर रेफर न करना और मरने के बाद ही कार्रवाई की चर्चा। परिजन साफ कह रहे हैं कि अगर अस्पतालों में समय पर इलाज मिलता तो मां और बच्चों की जान बच सकती थी। वहीं स्वास्थ्य विभाग लगातार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए इसे परिजनों की देरी और जागरूकता की कमी का नतीजा बता रहा है। लोग अस्पताल प्रबंधनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



