भाजपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला: नितिन नवीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
Nitin Nabin BJP Working President : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल, प्रशासनिक अनुभव और केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाती है। वर्तमान में वे बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल की ‘ऊर्जावान छत्तीसगढ़’ कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन
यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब भाजपा शीर्ष नेतृत्व के पुनर्गठन के दौर से गुजर रही है। पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मूल कार्यकाल पूरा हो चुका है, जिसे 2024 लोकसभा चुनावों को देखते हुए विस्तार दिया गया था। ऐसे में नितिन नवीन की नियुक्ति को भाजपा की आगामी संगठनात्मक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। (Nitin Nabin BJP Working President)

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर नितिन नवीन को बधाई दी। उन्होंने लिखा-
“नितिन नवीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे युवा, ऊर्जावान और संगठनात्मक अनुभव से समृद्ध नेता हैं। विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी को और मजबूती देंगे।”
नितिन नवीन का राजनीतिक सफर
नितिन नवीन के पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ और मजबूत नेता थे। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में जनता ने नितिन नवीन पर भरोसा जताया और यहीं से उनकी सक्रिय राजनीति की शुरुआत हुई।
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से नितिन नवीन ने लगातार सफलता हासिल की है। वे 2006 के उपचुनाव से लेकर अब तक पांच बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। पथ निर्माण मंत्री के रूप में उन्होंने खुद को एक युवा, ऊर्जावान और कार्यशील मंत्री के रूप में स्थापित किया है।
हालांकि राजनीति में उनकी शुरुआत विरासत से हुई, लेकिन समय के साथ उन्होंने अपने काम और नेतृत्व क्षमता से अलग पहचान बनाई। सड़क निर्माण, शहरी आधारभूत संरचना, बिजली, जलापूर्ति और ट्रैफिक व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उनकी सक्रिय निगरानी रही है।
कौन हैं नितिन नवीन?
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र
- पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक
- वर्ष 2006 में उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे
- 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की
- 2025 विधानसभा चुनाव में आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51,936 वोटों से हराया
- 9 फरवरी 2021 को नीतीश कुमार सरकार में पथ निर्माण मंत्री बने
नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को भाजपा में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठन को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। (Nitin Nabin BJP Working President)



