ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच में आतंकी हमला, 16 लोगों की मौत, हनुक्का उत्सव के दौरान गोलीबारी

Terrorist Attack in Australia: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में रविवार को बॉन्डी बीच पर आतंकी हमला हुआ, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक 10 साल की बच्ची और एक इजराइली नागरिक भी शामिल हैं। इस हमले में 45 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। न्यू साउथ वेल्स (NSW) पुलिस ने इस घटना को आतंकवादी हमला घोषित किया है। एनएसडब्ल्यू पुलिस कमिश्नर मल ल्यैनन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हमलावरों ने बॉन्डी बीच पर हनुक्का फेस्टिवल मना रहे लोगों को निशाना बनाया।
यह भी पढ़ें:- विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप है छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
पुलिस के मुताबिक गोलीबारी करने वाला आरोपी 50 साल का साजिद अकरम और उसका 24 साल का बेटा नवीद अकरम बताया जा रहा है। दोनों के पाकिस्तानी मूल के होने का शक जताया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने साजिद अकरम को मौके पर ही गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं नवीद अकरम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले में तीसरा संदिग्ध भी शामिल था। (Terrorist Attack in Australia)

पुलिस के अनुसार साजिद अकरम के पास लाइसेंसी बंदूक थी, जिसका वह शिकार के लिए इस्तेमाल करता था। एनएसडब्ल्यू पुलिस कमिश्नर मल ल्यैनन ने बताया कि साजिद एक गन क्लब का सदस्य था और राज्य के कानून के तहत उसके पास हथियार रखने का वैध लाइसेंस था। साजिद अकरम के पास कानूनी रूप से छह बंदूकें थी। गोलीबारी के लिए निकलने से पहले बाप-बेटे ने परिवार से कहा था कि वे मछलियां पकड़ने जा रहे हैं। साजिद अपने परिवार के साथ एक किराए के घर में रहता था।
बुजुर्ग अहमद की बहादुरी से बची कई लोगों की जान
हमले के दौरान अहमद नाम के एक बुजुर्ग ने जान जोखिम में डालकर एक आतंकी को दबोच लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में देखा गया कि अहमद एक कार के पीछे से चुपचाप घूमते हुए हमलावर के पास पहुंचे और पीछे से उस पर काबू पा लिया। उन्होंने हमलावर से राइफल छीन ली, दो राउंड फायर करने की कोशिश की और उसे काफी दूर तक दौड़ाया। उनकी बहादुरी से कई लोगों की जान बच सकी। घटना के वक्त बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय के लोग हनुक्का फेस्टिवल मना रहे थे। हनुक्का यहूदियों का प्रमुख त्योहार है, जिसकी शुरुआत 14 दिसंबर से हुई थी। हमले के बाद सुरक्षा कारणों से मेलबर्न में आयोजित होने वाला हनुक्का फेस्टिवल रद्द कर दिया गया।

नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई नीतियों को ठहराया जिम्मेदार
ऑस्ट्रेलिया में यहूदी आबादी लगभग 1 लाख 17 हजार से 1 लाख 20 हजार के बीच है, जिसमें से करीब आधी आबादी मेलबर्न में रहती है। 2021 की जनगणना में विक्टोरिया राज्य में 46 हजार यहूदी दर्ज किए गए थे। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार वास्तविक संख्या लगभग 60 हजार हो सकती है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बॉन्डी बीच हमले के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने आग में घी डालने का काम किया। नेतन्याहू के अनुसार उन्होंने पहले ही ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को चेतावनी दी थी कि सरकार की नीतियां देश में यहूदी-विरोधी भावना को बढ़ावा दे रही हैं।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त 2025 को इस संबंध में अल्बनीज को पत्र भी लिखा गया था। नेतन्याहू ने कहा कि फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता देने का ऑस्ट्रेलिया का फैसला और यहूदी-विरोधी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई न करना, ऐसे हमलों को बढ़ावा देता है। उनके मुताबिक सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए, जिसका नतीजा यह भयावह हमला है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने सिडनी के बॉन्डी बीच के पास स्थित बॉन्डी पवेलियन में मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
PM मोदी समेत कई देश के नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं ऑस्ट्रेलिया में हुए इस भयानक आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें यहूदी त्योहार हनुक्का के पहले दिन जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाया गया। भारत की जनता की ओर से पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि यह खबर बेहद परेशान करने वाली है। यह यहूदी-विरोधी आतंकी हमला है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह बहुत ही भयानक घटना है। हम पीड़ितों के लिए प्रार्थना करते हैं। लोगों को गर्व से अपने त्योहार मनाने चाहिए। (Terrorist Attack in Australia)
29 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में मास शूटिंग
ऑस्ट्रेलिया में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की घटनाएं बहुत कम होती है। 1996 में पोर्ट आर्थर में हुए हमले के बाद यहां सख्त गन कानून लागू किए गए थे, जिसमें 35 लोगों की मौत हुई थी। ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी के मुताबिक 2023-24 में देश में बंदूक से हत्या के 31 मामले दर्ज किए गए। आमतौर पर यहां बंदूक से जुड़े अपराध सीमित दायरे में होते हैं। हाल की एक बड़ी हिंसक घटना अप्रैल 2024 में सिडनी के बॉन्डी जंक्शन स्थित वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर में हुई थी, जहां एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर 6 लोगों की हत्या कर दी थी। हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया था।



