PM मोदी जॉर्डन के लिए रवाना, 75 साल पुराने रिश्तों और IMEC कॉरिडोर पर होगी अहम बातचीत

PM Modi Jordan Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह जॉर्डन के लिए रवाना हो गए। PM मोदी 15 से 18 दिसंबर तक जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की त्रिपक्षीय विदेश यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के निमंत्रण पर हो रहा है। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री 15 और 16 दिसंबर को जॉर्डन में रहेंगे, जहां दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय हालात और व्यापारिक सहयोग पर अहम बातचीत होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- एमके स्टालिन का शाह पर वार, कहा- पूरी संघी बटालियन भी आ जाए, तमिलनाडु में कुछ नहीं कर पाएगी
भारत और जॉर्डन के बीच 1950 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। 2025 में इन संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इसी ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा खास माना जा रहा है। दोनों देशों के रिश्ते राजनीति के साथ-साथ व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग के स्तर पर लगातार मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी 16 दिसंबर को जॉर्डन से इथियोपिया के लिए रवाना होंगे, जहां वे दूसरे चरण की यात्रा पूरी करेंगे। (PM Modi Jordan Tour)

भारत-जॉर्डन रिश्तों की गर्मजोशी की एक मिसाल 10 फरवरी 2018 को देखने को मिली थी। उस दिन प्रधानमंत्री मोदी फिलिस्तीन की ऐतिहासिक यात्रा पर जा रहे थे। भारत से फिलिस्तीन के लिए सीधी उड़ान न होने के कारण उनका विमान जॉर्डन की राजधानी अम्मान में उतरा। यह महज दो घंटे की ट्रांजिट विजिट थी, जिसमें आमतौर पर सिर्फ औपचारिक अधिकारी ही मिलते हैं। हालांकि उस दौरान जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला खुद प्रधानमंत्री मोदी से मिलने एयरपोर्ट पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात एयरपोर्ट परिसर में ही हुई। इसके करीब 15 दिन बाद किंग अब्दुल्ला भारत दौरे पर आए थे, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया था।
व्यापारिक रिश्तों में लगातार मजबूती
7 साल बाद प्रधानमंत्री मोदी का फिर से जॉर्डन दौरा इसी आपसी विश्वास और सम्मान को दर्शाता है। भारत, जॉर्डन का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वित्त वर्ष 2023-24 में दोनों देशों के बीच करीब 26,033 करोड़ रुपए का व्यापार हुआ। इसमें भारत का निर्यात लगभग 13,266 करोड़ रुपए रहा। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 5 अरब डॉलर (करीब 45,275 करोड़ रुपये) तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है। भारत जॉर्डन से बड़ी मात्रा में रॉक फॉस्फेट और उर्वरकों का कच्चा माल आयात करता है। भारत के कुल रॉक फॉस्फेट आयात में जॉर्डन की हिस्सेदारी करीब 40% है। (PM Modi Jordan Tour)
IMEC कॉरिडोर पर भी हो सकती है अहम बातचीत
वहीं जॉर्डन भारत से मशीनरी, पेट्रोलियम उत्पाद, अनाज, रसायन, मीट, ऑटो पार्ट्स और औद्योगिक सामान आयात करता है।भारतीय कंपनियों ने जॉर्डन के फॉस्फेट और टेक्सटाइल सेक्टर में 1.5 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) पर चर्चा होने की भी संभावना है। इस कॉरिडोर का ऐलान 2023 में भारत में हुई G20 समिट के दौरान किया गया था। इसे चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।

IMEC के तहत भारत, यूएई, सऊदी अरब, जॉर्डन, इजराइल और यूरोप के देशों को समुद्री और रेल मार्ग के जरिए जोड़ा जाएगा। भारत से कार्गो पहले समुद्री रास्ते से यूएई या सऊदी अरब पहुंचेगा और वहां से रेल के जरिए जॉर्डन व इजराइल होते हुए सीधे यूरोप भेजा जाएगा। अटलांटिक काउंसिल की रिपोर्ट के मुताबिक इस कॉरिडोर से भारत से यूरोप तक सामान पहुंचाने में करीब 40% समय और 30% लागत की बचत होगी। जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का करीबी वंशज माना जाता है। वे हाशिमी राजवंश से आते हैं, जिसका संबंध सीधे पैगंबर मोहम्मद साहब के वंश से जोड़ा जाता है। हाशिमी राजवंश ने करीब 700 साल तक मक्का पर शासन किया था। मौजूदा राजा अब्दुल्ला द्वितीय, पहले जॉर्डन के राजा शरीफ हुसैन बिन अली के पड़पोते हैं।



