CG NEWS : मंदिर परिसर में क्रिसमस आयोजन पर बवाल, पुलिस ने की 151 की कार्रवाई
बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मंदिर परिसर में आयोजित क्रिसमस कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : चाकूबाजी से दहशत, दो अलग-अलग वारदातों में तीन घायल
पुलिस के अनुसार, यह कार्यक्रम ईसाई समुदाय की नवजीवन सेवा समिति द्वारा आयोजित किया गया था, जिसके लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। आयोजन के दौरान नॉनवेज भोजन और उपहार वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम की सूचना मिलने पर स्थानीय हिंदू संगठनों ने मंदिर परिसर पहुंचकर विरोध जताया। संगठनों का आरोप था कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह का आयोजन किए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। विरोध के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना पर सिरगिट्टी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद हिंदू संगठनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच की और भविष्य में शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए आयोजकों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस मामले पर निगरानी बनाए हुए है।



