छत्तीसगढ़ बंद का दिख रहा असर, कांकेर कलेक्टर ने लोगों से कहा- अफवाहों से बचें, बिना पुष्टि सोशल मीडिया पर न करें फॉरवर्ड

Kanker Collector on Bandh: छत्तीसगढ़ बंद का असर कांकेर समेत सभी जिलों में देखने को मिल रहा है। इसे देखते हुए कांकेर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने बंद के दौरान जिले में शांति, कानून व्यवस्था और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील लोगों से की है। कलेक्टर ने आमजन से संयम बरतने, आपसी भाईचारे को बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट, भ्रामक या अफवाहपूर्ण खबरों को बिना पुष्टि के आगे फॉरवर्ड न किया जाए। ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या जिला प्रशासन को देने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें:- कांकेर धर्मांतरण विवाद पर उबाल, सर्व समाज का छत्तीसगढ़ बंद, प्रमुख शहरों में बाजार-स्कूल बंद
वहीं विधायक आशाराम नेताम ने भी नागरिकों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया है। साथ ही कहा कि कांकेर जिला हमेशा से शांतिप्रिय रहा है और इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की भी है। बता दें कि कल जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर क्षीरसागर की अध्यक्षता और विधायक आशाराम नेताम की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कई मुद्दों को लेकर चर्चा हुई, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, महेश जैन और सुनील गोस्वामी ने भी अपने विचार रखे। इसके अलावा अलग-अलग समाजों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। (Kanker Collector on Bandh)
क्या है आमाबेड़ा विवाद की जड़ ?
19 दिसंबर को कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में शव दफनाने को लेकर आदिवासी समाज और धर्मांतरित समुदाय के बीच हिंसक झड़प हुई थी। पहले आदिवासी समाज के लोगों ने ईसाई समुदाय को खदेड़ा, जिसके जवाब में दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सरपंच के घर में तोड़फोड़ की और गांव के चर्च में आग लगा दी। हालात बिगड़ने पर 3 हजार से ज्यादा की भीड़ आमाबेड़ा पहुंच गई और एक अन्य चर्च को भी आग के हवाले कर दिया। तीसरे चर्च की ओर बढ़ती भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में कई ग्रामीण, कवरेज कर रहे कुछ पत्रकार और अंतागढ़ के एएसपी आशीष बंछोर समेत करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हुए।
शव दफनाने से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब गांव के सरपंच रजमन सलाम के पिता चमरा राम की मौत के बाद उनका शव गांव में ही दफनाया गया। सरपंच का परिवार धर्म परिवर्तन कर चुका था, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी थी। ग्रामीण पिछले दो दिनों से शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग कर रहे थे। बाद में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा के बीच शव को बाहर निकलवाया और दूसरी जगह पर दफनाया गया। फिलहाल आमाबेड़ा की घटना के बाद पूरे प्रदेश में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं।



