धान खरीदी अव्यवस्था पर फूटा पूर्व विधायक का गुस्सा, तहसील के सामने धरना देकर सरकार को घेरा
जगदलपुर। प्रदेश में धान खरीदी (CG Dhan Kharidi 2025) व्यवस्था की खामियां अब सड़कों पर उतरने लगी हैं। रकबा कम दिखाने, एग्रीटेक सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी, खरीदी सीमा तय होने और टोकन जारी न होने से परेशान किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसान तहसील कार्यालय, धान खरीदी केंद्र, पटवारी और लैंपस के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा।
यह भी पढ़े :- भिलाई में कल से पं. धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू
इन्हीं समस्याओं के विरोध में भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व विधायक एवं पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष देवलाल दुग्गा दुर्गुकोंदल पहुंचे और तहसील कार्यालय के सामने चटाई बिछाकर करीब दो घंटे तक धरने पर बैठे। धरने के दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का सीधा आरोप लगाया।
“धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई”
धरने के दौरान देवलाल दुग्गा ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। किसान दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में सबसे ज्यादा नुकसान किसान वर्ग को झेलना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि वे खुद धान बेचने में असमर्थ हैं। उनका रकबा कम दर्शाया जा रहा है, खसरा नंबर नहीं जुड़ पा रहा है और इसी कारण टोकन जारी नहीं हो रहा। उन्होंने कहा, “जब एक पूर्व विधायक की समस्या हल नहीं हो पा रही है, तो आम किसानों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।”
बड़े आंदोलन की चेतावनी
धरना समाप्त करने के बाद देवलाल दुग्गा अपने निवास लौट गए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही धान खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
प्रशासन का पक्ष
मामले में तहसीलदार कुलदीप ठाकुर ने सफाई देते हुए बताया कि देवलाल दुग्गा की पत्नी के धान रकबे की एग्री स्टिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। खसरा नंबर नहीं जुड़ने के कारण टोकन जारी नहीं हो सका था, लेकिन अब रकबा जोड़ दिया गया है और जल्द ही टोकन जारी कर दिया जाएगा। (CG Dhan Kharidi 2025)
पूर्व विधायक का यह धरना और उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था की अव्यवस्थाओं को लेकर बहस और तेज हो गई है। (CG Dhan Kharidi 2025)



