Google Analytics —— Meta Pixel

पाक राष्ट्रपति जरदारी का भड़काऊ बयान, कहा- भारत को समझ आ गया युद्ध बच्चों का खेल नहीं

Pakistani President Zardari: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भड़काऊ बयान दिया है। जरदारी ने कराची में पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की पुण्यतिथि पर आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मई में हुए भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने भारत के आक्रमण का मजबूती से जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद भारत सरकार को यह एहसास हो गया कि युद्ध कोई बच्चों का खेल नहीं है। जरदारी ने कहा कि भारत को पाकिस्तान के संयम के लिए शुक्रगुजार होना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- कांकेर में धर्मांतरण को लेकर फिर भड़का तनाव, धर्मांतरित ईसाई परिवारों के 10 घरों में तोड़फोड़

पाक राष्ट्रपति ने कहा कि अगर पाकिस्तान चाहता तो भारत के और भी लड़ाकू विमानों को मार गिराया जा सकता था। मोदी अब समझ चुके हैं कि पाकिस्तान अपनी रक्षा करना जानता है। अगर दोबारा युद्ध थोपा गया तो पाकिस्तान पूरी तरह तैयार है। जरदारी ने कहा कि भारत खुद को बड़ी ताकत मानता है, लेकिन पाकिस्तान के नेतृत्व और सेना जैसी हिम्मत, जज्बा और बलिदान की भावना उसमें नहीं है। मोदी को समझना चाहिए कि युद्ध के लिए सिर्फ बयान नहीं, बल्कि संकल्प और साहस चाहिए। (Pakistani President Zardari)

दुश्मन की आंखों में आंखें डालकर जवाब दिया: जरदारी 

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि मई में संघर्ष के दौरान मुझे बंकर में जाने की सलाह दी गई थी, लेकिन मैंने इनकार कर दिया। मैंने कहा कि नेता बंकरों में नहीं मरते, वे मैदान में मरते हैं। फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर ने भारत के खिलाफ संघर्ष में सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दुश्मन की आंखों में आंखें डालकर जवाब दिया। आज अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी पाकिस्तान के रुख को स्वीकार कर रहा है।

बिलावल भुट्टो ने की आसिम मुनीर की तारीफ

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की जमकर तारीफ की। भुट्टो ने कहा कि हमारे फील्ड मार्शल का नाम सुनते ही मोदी छिप जाते हैं। अब वे विदेशों में पाकिस्तान के खिलाफ कुछ कहने से बचते हैं। बिलावल भुट्टो ने दावा किया कि मई में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध में पाकिस्तान को जीत मिली। भुट्टो ने इसे 2025 की पाकिस्तान की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। (Pakistani President Zardari)

भुट्टो ने पाकिस्तान को परमाणु शक्ति बनाया: बिलावल 

बिलावल ने कहा कि बेनजीर भुट्टो की शहादत के 18 साल बाद भी देश के चारों प्रांतों से लोगों का एकजुट होना आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। बिलावल ने कहा कि जुल्फिकार अली भुट्टो ने पाकिस्तान को परमाणु शक्ति बनाया। जबकि आसिफ अली जरदारी ने चीन के साथ संबंध मजबूत करते हुए चाइना-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) की नींव रखी। बिलावल ने कहा कि भुट्टो परिवार हमेशा पाकिस्तान की संप्रभुता, लोकतंत्र और सुरक्षा के लिए खड़ा रहा है। (Pakistani President Zardari)

Back to top button
error: Content is protected !!