Google Analytics —— Meta Pixel

बाबा बागेश्वर को सरकारी विमान से लाने पर बवाल, कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने

Politics on Baba Bageshwar: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की छत्तीसगढ़ यात्रा और उनके सरकारी विमान के इस्तेमाल को लेकर प्रदेश की राजनीति पूरी तरह गर्मा गई है। कांग्रेस ने इसे जनता के पैसे की फिजूलखर्ची बताते हुए बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने बाबा बागेश्वर की सरकारी विमान से यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह जनता के पैसे की खुली बर्बादी है। सिंहदेव ने कहा कि बीजेपी हिंदू धर्म के नाम पर वोट बटोरने का काम कर रही है। बाबा बागेश्वर बीजेपी के लिए यह भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए सरकार उनके लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध करा रही है। सरकार को यह बताना चाहिए कि आखिर इस फिजूलखर्ची की जरूरत क्या थी।

यह भी पढ़ें:- धीरेंद्र शास्त्री के सरकारी विमान से पहुंचने पर सियासत तेज, बाबा बागेश्वर बोले- सनातन जगाने वाला क्या हवाई जहाज पर नहीं चढ़ सकता ?

कांग्रेस के आरोपों पर गृहमंत्री और डिप्टी CM विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उटपटांग बातें कर रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करोड़ों लोगों की श्रद्धा के केंद्र हैं। जब-जब महाराज छत्तीसगढ़ आना चाहेंगे, हम उन्हें कंधे पर बैठाकर, पलकों में बिठाकर लाएंगे। किसी को इससे परेशानी नहीं होनी चाहिए। भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिन डिप्टी CM विजय शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाराज के प्रवचनों में समाज से ऊंच-नीच, भेदभाव और कुरीतियों को समाप्त करने का निरंतर प्रयास दिखाई देता है। वे समाज में समरसता, एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रहे हैं। सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं।

31 मार्च तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त होगा: बाबा बागेश्वर

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने महाराज के पैरों में छाले तक देखे हैं, जो उनके निरंतर जनजागरण के प्रयासों को दर्शाता है। वहीं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विजय शर्मा ने ऐसा जवाब दिया कि विरोधियों की छतरी भर गई। अब छत्तीसगढ़ वाले हमें बुलाएं या न बुलाएं, हम छत्तीसगढ़ आएंगे। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त होगा। इसके बाद 108 कुंडीय राष्ट्रीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहीद जवानों के सम्मान में यज्ञ होगा और जो भी चढ़ावा आएगा, वह भारतीय सेना के राजकोष में जमा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब राम कथा के साथ-साथ राष्ट्रकथा की आवश्यकता है।

PCC चीफ दीपक बैज का वार

इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस को किसी भी बाबा के छत्तीसगढ़ आने से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री को पहले कानून व्यवस्था संभालनी चाहिए। कोई भी बाबा छत्तीसगढ़ आए, हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन सरकारी जहाज से बाबा को लाने का ठेका क्या सरकार ने ले रखा है ? दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि विजय शर्मा बाबा को पलकों में बैठाएं, कंधों में बैठाएं या सिर पर बैठा लें, लेकिन सरकारी पैसे का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। बाबा छत्तीसगढ़ की फिजा को अशांत ना करें। बैज ने कहा कि BJP के नेता जनता के लिए काम नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए बाबाओं को छत्तीसगढ़ लाकर इवेंट की तरह दिखा रहे हैं। बैज ने कहा कि गृहमंत्री क्या धीरेंद्र शास्त्री के कहने पर काम कर रहे हैं।

कांग्रेस संचार प्रमुख ने बाबा बागेश्वर को कहा ढोंगी

वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ढोंगी है, जो अंधविश्वास फैलाते हैं। कांग्रेस पहले भी इस पर सवाल उठा चुकी है और आगे भी उठाती रहेगी। डिप्टी CM विजय शर्मा के बयान पर कहा बीजेपी जैसे चाहे वैसे धीरेंद्र शास्त्री को बुला सकती है, लेकिन अगर सरकारी पैसे का दुरुपयोग होगा तो कांग्रेस सवाल उठाएगी। इस पर बीजेपी प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष और सांसद संतोष पांडे ने पलटवार करते हुए कहा कि जो कांग्रेस आज बाबाओं पर सवाल खड़े कर रही है, उसे बताना चाहिए कि पिछले 70 सालों में उसने किन-किन बाबाओं और तांत्रिकों को सरकारी विमान और हेलीकॉप्टर से यात्रा कराई। यह बात किसी से छिपी नहीं है।

कांग्रेस सनातन विरोधी हो चुकी है: अरुण साव

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह सनातन विरोधी हो चुकी है। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के प्रति लोगों में अपार श्रद्धा है। कांग्रेस को डर है कि सनातन एकजुट हो रहा है। सरकारी विमान के सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने तो पायजामे के लिए भी सरकारी हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया है। पहले अपने गिरेबान में झांके। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के आखिरी दिन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सनातन की दृष्टि से यह अत्यंत सुंदर कथा रही। छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर बाबा बागेश्वर का बार-बार आना स्वागतयोग्य है। (Politics on Baba Bageshwar)

संतों के लिए कटु भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए: किरण देव

किरण सिंहदेव ने कहा कि पूरा छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरा देश देख और सुन रहा है। कुछ लोगों ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाए हैं, लेकिन यह पूरा भारत प्रभु श्रीराम का है। उन्होंने आगे कहा कि अगर श्रीराम, हनुमान जी और भोलेनाथ की कथा हमारे देश में नहीं होगी तो फिर कहां होगी ? बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैंने बाबा बागेश्वर से आग्रह किया है कि वे बार-बार छत्तीसगढ़ पधारें। लाखों लोग उन्हें सुनते हैं। दो-चार या पांच लोग अगर कटु वाणी का उपयोग करते हैं तो उसकी परवाह नहीं करनी चाहिए। संतों के लिए कड़वे वचन और कटु भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए। (Politics on Baba Bageshwar)

Back to top button
error: Content is protected !!