पूर्व CM भूपेश बघेल के बयान से गरमाई सियासत, भाजपा युवा मोर्चा ने प्रदेशभर में किया विरोध प्रदर्शन

Protest Against Bhupesh Baghel: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन करते हुए भूपेश बघेल का पुतला दहन किया है। भिलाई के सुपेला चौक पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा कि भूपेश बघेल ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री और पंडित प्रदीप मिश्रा को टोटका, अंधविश्वास फैलाने वाला और भाजपा का एजेंट कहकर सनातन परंपरा समेत साधु-संतों का अपमान किया है।
यह भी पढ़ें:- पूर्व CM भूपेश बघेल का पंडित धीरेंद्र शास्त्री और पंडित प्रदीप मिश्रा फिर वार, कहा- चंदा लेना बंद करें कथावाचक
उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी न सिर्फ दोनों कथावाचकों के सम्मान को ठेस पहुंचाती है, बल्कि करोड़ों सनातन आस्थावानों की भावनाओं को भी आहत करती है। राहुल टिकरिया ने कहा कि भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए बार-बार सनातन संस्कृति और साधु-संतों को निशाना बना रहे हैं। टिकरिया ने यह भी कहा कि सनातन परंपरा में साधु-संत किसी भी उम्र में पूजनीय होते हैं। उम्र के आधार पर संतों की तुलना करना न सिर्फ गलत है, बल्कि अपमानजनक भी है। भाजयुमो ने मांग की कि भूपेश बघेल अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही चेतावनी दी कि अगर इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सक्ती में भी भाजयुमो का पुतला दहन
सक्ती के अग्रसेन चौक में भी जिला भाजयुमो ने भूपेश बघेल का पुतला दहन किया। जिला अध्यक्ष आलोक पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार सनातन धर्म और साधु-संतों का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल द्वारा अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध यह दर्शाता है कि कांग्रेस नेताओं को किसी विशेष एजेंडे के तहत स्क्रिप्ट दी गई है। आलोक पटेल ने रामसेतु और भगवान राम को लेकर कांग्रेस के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय आस्था और परंपरा पर सीधा हमला है, जिसे भाजपा और भाजयुमो कभी स्वीकार नहीं करेगा। (Protest Against Bhupesh Baghel)
राजनांदगांव में भी दिखा भारी आक्रोश
राजनांदगांव में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भाजपा का एजेंट बताए जाने पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह बयान केवल एक संत का नहीं, बल्कि पूरे सनातन धर्म का अपमान है। युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले बयान दे रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई और चेतावनी दी गई कि अगर इस तरह के बयान दोहराए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। (Protest Against Bhupesh Baghel)
बेमेतरा में बघेल और सिंहदेव का पुतला दहन
बेमेतरा के घड़ी चौक में भी भाजपाइयों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव का पुतला फूंका। नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि पहले कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग, ईवीएम और अब साधु-संतों तक को एजेंट बताना शुरू कर दिया है, जो पूरी तरह गलत है। वहीं भाजयुमो जिला अध्यक्ष परमेश्वर वर्मा ने कहा कि सनातन धर्म और बागेश्वर सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ की जा रही अनर्गल बयानबाजी का भाजपा युवा मोर्चा पुरजोर विरोध करता है। भाजपा युवा मोर्चा ने कहा कि सनातन संस्कृति, साधु-संतों और धार्मिक आस्थाओं पर किसी भी प्रकार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर भविष्य में इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो प्रदेशभर में और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।




