Google Analytics —— Meta Pixel

सबसे स्वच्छ शहर में दूषित पानी पीने से 9 लोगों की मौत, लीकेज से घरों तक पहुंचा शौचालय का पानी 

Death in Indore: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी लोगों के लिए काल बनकर सामने आया है। भागीरथपुरा इलाके में पीने के पानी में मिली गंदगी ने अब तक 9 लोगों की जान ले ली है। जबकि दर्जनों लोग बीमार हैं। मंगलवार को 5 लोगों की मौत हुई। वहीं बुधवार को पांच माह के बच्चे समेत चार लोगों की जान चली गई। हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन और अधिकारियों ने अलग-अलग जानकारी दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि 4 लोगों की मौत हुई और 149 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने 7 मौतों की पुष्टि की और बताया कि 116 लोग बीमार हैं। जबकि 36 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें:- फरीदाबाद में चलती वैन में महिला से गैंगरेप, आरोपियों ने 3 घंटे तक घुमाया, सड़क पर फेंककर हुए फरार

वहीं कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को तीन मौतों की पुष्टि की थी। इनमें नंदराम (70), उर्मिला (60) और ताराबाई कोरी (70) शामिल हैं, जिनकी मौत डायरिया से हुई। बुधवार को जिन चार लोगों की मौत हुई, उनमें गोमती रावत (50), उमा कोरी (31), संतोष बिगोलिया और पांच माह की अवन्या साहू शामिल हैं। गोमती रावत की मौत 26 दिसंबर को हुई थी। भागीरथपुरा में स्थिति गंभीर बनी हुई है। मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। 30 मरीज वर्मा हॉस्पिटल, 11 मरीज ईएसआईसी हॉस्पिटल, 5 मरीज एमवायएच, 7 मरीज त्रिवेणी हॉस्पिटल और 6 मरीज अरबिंदो हॉस्पिटल में भर्ती है, जिनमें से 3 मरीज ICU में भर्ती हैं। (Death in Indore)

सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी के निर्देश पर अरबिंदो हॉस्पिटल में 100 बेड की अलग यूनिट बनाई गई है। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा और सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। भागीरथपुरा के सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों से कोई शुल्क न लिया जाए। गंभीर मरीजों को ICU में रखा गया है। सीएमएचओ डॉ. हसानी के मुताबिक 2703 घरों का सर्वे किया गया। करीब 12,000 लोगों की जांच हुई। 1146 मरीजों को मौके पर प्राथमिक इलाज मिला। 111 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। 18 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रहे हैं। 15 गलियों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ घर-घर जाकर जांच कर रही है।

राहत और बचाव उपाय

चार एम्बुलेंस तैनात हैं और लोगों को उबला पानी पीने की सलाह दी जा रही है। 14 डॉक्टर, 24 एमपीडब्ल्यू और पैरामेडिकल स्टाफ अलर्ट मोड पर है। आशा कार्यकर्ताओं से क्लोरीन, जिंक टैबलेट और ओआरएस का वितरण कराया जा रहा है। इधर, विजय नगर क्षेत्र में सड़कों की खुदाई और गंदे पानी की सप्लाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। (Death in Indore)

प्रशासन की कार्रवाई

  • जोनल अधिकारी शालिग्राम शितोले को निलंबित किया गया है।
  • प्रभारी सहायक अभियंता (पीएचई) योगेश जोशी पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई है। 
  • प्रभारी डिप्टी इंजीनियर (पीएचई) शुभम श्रीवास्तव का सेवा समाप्त कर दिया गया है।
  • तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। (Death in Indore)
  • इलाके में पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर लगाए गए हैं और नई लाइन के लिए टेंडर खोले गए हैं।
  • मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

क्या है कारण ?

  • भागीरथपुरा में चौकी के शौचालय के नीचे मुख्य जल लाइन में लीकेज मिला है।
  • नर्मदा जल आपूर्ति लाइन से भी दूषित और बदबूदार पानी आ रहा है।
  • गलियों में ड्रेनेज और गंदा पानी जमा होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। साथ ही बताया कि क्षेत्र में 50 टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। हेल्पलाइन नंबर- 7440440511 जारी किया गया है। बता दें कि इलाके में नई पानी की लाइन के लिए चार महीने पहले ही टेंडर जारी हो चुके थे। इस टेंडर में चार एजेंसियों ने हिस्सा लिया था। 2.40 करोड़ में नई लाइन डालनी थी, लेकिन जिम्मेदारों ने अब तक टेंडर ही नहीं खोला। टेंडर में गंदे पानी की शिकायतों का जिक्र विशेष तौर पर किया गया था। अब अफसरों ने ताबड़तोड़ टेंडर खोला। इधर, नर्मदा की मेन लाइन में लीकेज की वजह से क्षेत्र में बीमारी फैल गई है। यह लीकेज पानी की टंकी के पास बने बगीचे के सुविधाघर के नीचे से गुजर रही मेन लाइन में था। मंगलवार को जेसीबी से सुविधाघर तोड़ा गया तो मेन लाइन में लीकेज मिला। इसके बाद मरम्मत की गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!