RSS किसी को कंट्रोल नहीं करता, समाज निर्माण ही हमारा लक्ष्य: संघ प्रमुख मोहन भागवत
RSS Chief Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुक्रवार को भोपाल में कहा कि RSS को भाजपा या विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नजरिए से देखना एक बड़ी भूल है। संघ किसी राजनीतिक दल को न तो नियंत्रित करता है और न ही सत्ता, टिकट या चुनाव उसका उद्देश्य है। संघ का एकमात्र लक्ष्य समाज की गुणवत्ता बढ़ाना और चरित्र निर्माण करना है। दरअसल, भोपाल में RSS के 100 साल पूरे होने पर प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया था।
यह भी पढ़ें:- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना गर्व की बात: CM साय
गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि संघ पूरी तरह स्वतंत्र रूप से कार्य करता है और उससे जुड़े संगठन भी अपने-अपने दायरे में स्वतंत्र निर्णय लेते हैं। डॉ. भागवत ने संघ की कार्यप्रणाली पर उठने वाले सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हम वर्दी पहनते हैं, मार्च निकालते हैं और लाठी का अभ्यास करते हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि RSS कोई पैरा मिलिट्री फोर्स है। ऐसा सोचना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि संघ का अनुशासन समाज को संगठित और संस्कारित करने का माध्यम है, न कि शक्ति प्रदर्शन का।
हिंदू पहचान हमारी साझा विरासत: भागवत
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत की विविधता के बावजूद हिंदू पहचान समाज को जोड़ने वाली कड़ी है।
उन्होंने कहा कि हमारे मत-पंथ, संप्रदाय, भाषा और जाति अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारी संस्कृति एक है, धर्म एक है और हमारे पूर्वज भी समान हैं। गोष्ठी के दौरान डॉ. भागवत ने राजनीति, स्वदेशी अर्थव्यवस्था, युवाओं की भूमिका, पारिवारिक जीवन और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार रखे।
टैरिफ और विदेशी निर्भरता पर साफ संदेश
वैश्विक आर्थिक हालात और अमेरिका के टैरिफ जैसे मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत को स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। यदि किसी विदेशी वस्तु की जरूरत भी पड़े, तो वह भारत की शर्तों पर हो। उन्होंने कहा कि भारत टैरिफ से डरने वाला देश नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की पूरी क्षमता रखता है। डॉ. भागवत ने जेन-जी और युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। चीन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां बचपन से ही राष्ट्रीय दृष्टि सिखाई जाती है। उन्होंने कहा कि भारत को भी अपनी नई पीढ़ी को संस्कार, इतिहास और संस्कृति से जोड़ना होगा।
फैशन, फास्ट फूड और पारिवारिक जीवन पर चिंता
उन्होंने कहा कि समाज में उपभोक्तावाद और फैशन की अंधी नकल बढ़ रही है। संघ प्रमुख ने कहा कि घर में विवेकानंद का चित्र होगा या किसी पॉप स्टार का, यह समाज की दिशा तय करता है। फास्ट फूड संस्कृति पर संयम की सलाह देते हुए उन्होंने परिवार के साथ बैठकर भोजन करने की परंपरा को पुनर्जीवित करने की बात कही। डॉ. भागवत ने कहा कि संघ को लेकर समर्थक और विरोधी, दोनों ही कई बार गलत धारणाएं फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि RSS की असली पहचान समाज निर्माण है और इसी वास्तविक स्वरूप को लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
समाज बदलेगा, तभी देश बदलेगा: RSS प्रमुख
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ न तो किसी के विरोध में बना और न ही किसी से प्रतिस्पर्धा करता है। संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे और समाज संगठन की आवश्यकता को समझते हुए RSS की स्थापना की। डॉ. भागवत ने कहा कि स्वतंत्रता तभी स्थायी रह सकती है, जब समाज में स्व का बोध होगा। उन्होंने कहा कि देश का भाग्य नेता या नीति नहीं, बल्कि समाज तय करता है। उन्होंने कहा कि RSS किसी प्रेशर ग्रुप की तरह कार्य नहीं करता। उसका उद्देश्य सम्पूर्ण हिंदू समाज को संगठित करना है। संघ प्रमुख ने कहा कि जब समाज में गुण और अनुशासन आएगा, तो देश अपने आप सशक्त बनेगा।
सज्जन शक्ति का नेटवर्क जरूरी: मोहन
सरसंघचालक ने कहा कि संघ का कार्य स्वयंसेवक तैयार करना है। स्वयंसेवक समाज की आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करते हैं और संघ उन्हें रिमोट कंट्रोल से संचालित नहीं करता। उन्होंने कहा कि समाज सुधार का कार्य केवल RSS ही नहीं कर रहा। सभी मत-पंथों में सज्जन लोग हैं। जरूरत है कि इन सभी के बीच सहयोगी नेटवर्क बने। समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए डॉ. भागवत ने पंच परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व-बोध और नागरिक अनुशासन को लेकर समाज को मिलकर कार्य करना होगा।



