Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर सेंट्रल जेल में पॉक्सो आरोपी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, पढ़े पूरी खबर

RAIPUR NEWS : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सेंट्रल जेल में पोक्सो एक्ट के आरोप में बंद विचाराधीन कैदी सुनील महानंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार, सुनील ने बैरक नंबर–5 में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मामला गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : अस्पताल परिसर में नवजात शिशु का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुनील को जेल के भीतर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद बिना पूर्व सूचना के शव को चुपचाप मर्चुरी भेज दिया गया और उन्हें देर रात घटना की जानकारी दी गई।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सुनील को फर्जी मामले में फंसाया गया था और जेल में उसे बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया। इन आरोपों के चलते सोमवार को मृतक के परिजन, छत्तीसगढ़ उत्कल गाड़ा समाज के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग सेंट्रल जेल के बाहर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों ने आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि सुनील स्वयं फांसी लगाने की स्थिति में नहीं था और उसके साथ कोई गंभीर अनहोनी हुई है।

मृतक की पत्नी ने बताया कि दो दिन पहले ही उनकी सुनील से मुलाकात हुई थी, जिसमें उसने जेल में हो रही प्रताड़ना की शिकायत की थी। वहीं मृतक की मौसी के अनुसार, मुलाकात के दौरान सुनील काफी उदास और मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था। (RAIPUR NEWS)

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (RAIPUR NEWS)

Back to top button
error: Content is protected !!