भारत पर टैरिफ वॉर की तैयारी? रूसी तेल को लेकर ट्रंप के तेवर सख्त, जानिए आपकी जेब पर क्या होगा असर

Trump on India Tariffs : भारत के रूसी तेल आयात को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। एक सार्वजनिक संबोधन में ट्रंप ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका, भारत पर तेजी से टैरिफ बढ़ा सकता है, अगर रूस से तेल की खरीद जारी रहती है।
यह भी पढ़े :- रायपुर सेंट्रल जेल में पॉक्सो आरोपी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, पढ़े पूरी खबर
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ट्रंप ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अच्छे और नेक इंसान हैं, वे जानते थे कि मैं खुश नहीं हूं और मुझे खुश करना उनके लिए अहम था। हालांकि, इसी के साथ ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि भारत के साथ व्यापारिक संबंधों में अमेरिका टैरिफ बढ़ाने का विकल्प खुला रखे हुए है।
रूसी तेल पर भारत को खुली चेतावनी
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करे। उन्होंने इस चेतावनी को भारत–अमेरिका के बीच चल रही ट्रेड डील वार्ता से जोड़ते हुए कहा कि यह मुद्दा द्विपक्षीय व्यापार के भविष्य को प्रभावित कर सकता है।
हालांकि, भारत सरकार पहले ही इस तरह के दावों को खारिज कर चुकी है। कुछ महीने पहले ट्रंप ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत रूसी तेल नहीं खरीदेगा, लेकिन भारत ने आधिकारिक तौर पर कहा था कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई। (Trump on India Tariffs)
पहले भी कई बार चेतावनी
रूसी तेल को लेकर अमेरिका कई बार भारत को चेतावनी दे चुका है। यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने रूस से रियायती दरों पर तेल खरीद बढ़ाई है, जिसे अमेरिका और उसके सहयोगी देश नापसंद कर रहे हैं।
50% तक बढ़ चुका है टैरिफ
अमेरिका पहले ही भारतीय सामानों पर टैरिफ दोगुना कर 50 प्रतिशत तक बढ़ा चुका है। इसे रूस से तेल खरीद का अप्रत्यक्ष जवाब माना जा रहा है। फिलहाल दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी है।
आम आदमी की जेब पर क्या पड़ेगा असर?
अगर अमेरिका भारत पर और टैरिफ बढ़ाता है—
- भारतीय निर्यात महंगे हो सकते हैं
- कंपनियों की लागत बढ़ेगी
- डॉलर के मुकाबले रुपये पर दबाव आ सकता है
- पेट्रोल–डीजल और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर असर पड़ सकता है
अब सबकी नजर इस बात पर है कि ट्रंप की इस चेतावनी के बाद अमेरिका अगला कदम क्या उठाता है और भारत सरकार इस पर क्या रणनीति अपनाती है। (Trump on India Tariffs)



