टैरिफ को लेकर भारत- अमेरिका में तनाव, ट्रंप बोले- पीएम मोदी मुझसे ज्यादा खुश नहीं
US-India Relation : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके संबंध अच्छे हैं, लेकिन टैरिफ के मुद्दे पर पीएम मोदी उनसे “ज्यादा खुश नहीं” हैं।
यह भी पढ़े :- नार्मल डिलीवरी के बाद नहीं रुकी ब्लीडिंग, रेफर के दौरान प्रसूता की मौत, नवजात ICU में भर्ती
पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर अमेरिका नाखुश है और इसी कारण भारत को अधिक अमेरिकी टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत प्रशंसा करते हुए उन्हें “अच्छा इंसान” बताया। (US-India Relation)
ट्रंप ने यह भी कहा कि पीएम मोदी जानते हैं कि वह इस मुद्दे पर असंतुष्ट हैं और उन्हें खुश करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि यदि व्यापारिक मतभेद बने रहे तो अमेरिका भविष्य में भारत पर टैरिफ और बढ़ा सकता है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका, भारत पर रूस के साथ ऊर्जा व्यापार कम करने का दबाव बना रहा है। अमेरिका का तर्क है कि रूस से तेल खरीदने से वहां की युद्ध अर्थव्यवस्था को समर्थन मिलता है, जबकि भारत इसे अपनी ऊर्जा सुरक्षा से जोड़कर देखता है।
टैरिफ को लेकर अमेरिकी रुख
ट्रंप प्रशासन पहले भी भारत के साथ व्यापार में “रेसिप्रोकल टैरिफ” की बात करता रहा है। रूस से तेल खरीद को लेकर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के दावे ट्रंप के बयानों का हिस्सा रहे हैं, हालांकि इन पर दोनों देशों के बीच आधिकारिक स्तर पर मतभेद बने हुए हैं।
वेनेजुएला पर भी ट्रंप का तीखा हमला
इसी बातचीत में ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने मादुरो को “हिंसक व्यक्ति” बताया और मानवाधिकार उल्लंघनों के आरोप लगाए। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला में कथित उत्पीड़न तंत्र के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
ट्रंप ने अमेरिकी सेना की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में कोई भी देश अमेरिका की सैन्य क्षमता का मुकाबला नहीं कर सकता। (US-India Relation)



