बिलासपुर हाईकोर्ट ने कहा- करियर और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना भी वैवाहिक क्रूरता, पत्नी को तलाक की मंजूरी

HC on Divorce Case: बिलासपुर हाईकोर्ट ने पति-पत्नी के रिश्ते में मानसिक प्रताड़ना को लेकर अहम फैसला सुनाया है, जिसमें कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वैवाहिक क्रूरता सिर्फ शारीरिक हिंसा तक सीमित नहीं है। कोर्ट ने कहा कि मानसिक उत्पीड़न, उपेक्षा, असहयोग और ऐसे व्यवहार जिससे जीवनसाथी के स्वास्थ्य, करियर और मानसिक संतुलन पर विपरीत असर पड़े, उसे भी क्रूरता माना जाएगा। जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की डिवीजन बेंच ने पत्नी की अपील मंजूर करते हुए दुर्ग फैमिली कोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि जब शादी सिर्फ विवाद, तनाव और मुकदमेबाजी का कारण बन जाए तो उसे बनाए रखना दोनों पक्षों के हित में नहीं होता।
यह भी पढ़ें:- महासमुंद में चौथी कक्षा के इंग्लिश पेपर में कुत्ते से जुड़े सवाल में राम का नाम, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि प्रतिष्ठा और करियर को नुकसान पहुंचाना वैवाहिक क्रूरता की श्रेणी में आता है और इस आधार पर पत्नी को तलाक का अधिकार है। दुर्ग जिले के एक पति-पत्नी की शादी 30 मार्च 2019 को भिलाई के पंचशील नगर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल वाले दहेज की मांग करते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पत्नी ने बताया कि पति ने उसके मायके वालों से एक लाख रुपए की डिमांड की, जिसे उसने अपनी नौकरी से किश्तों में दिया। इसके बावजूद पति का दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना जारी रहा। (HC on Divorce Case)
पत्नी मायके में रहने को मजबूर
महिला ने कोर्ट को बताया कि लगातार प्रताड़ना से तंग होकर मई 2020 में पति को छोड़कर मायके चली गई। सितंबर 2020 में उसने पति को कानूनी नोटिस भेजकर स्त्रीधन लौटाने और अलग रहने की इच्छा जताई, लेकिन पति ने न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही उसे वापस लाने का प्रयास किया। इसके बाद पत्नी ने दुर्ग फैमिली कोर्ट में हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 के तहत तलाक की अर्जी दायर की। फैमिली कोर्ट ने साल 2022 में यह अर्जी खारिज कर दी, यह कहते हुए कि पर्याप्त सबूत नहीं हैं। फैमिली कोर्ट के आदेश के खिलाफ पत्नी ने हाईकोर्ट में अपील की। (HC on Divorce Case)
हाईकोर्ट ने पत्नी के पक्ष में सुनाया फैसला
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दोनों पक्षों के बयान और रिकॉर्ड का अध्ययन किया। कोर्ट ने पाया कि पति ने खुद स्वीकार किया कि उसने पत्नी को वापस बुलाने का कोई प्रयास नहीं किया और पत्नी के भेजे गए नोटिस को फाड़ दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि मानसिक उत्पीड़न, उपेक्षा और असहयोग भी वैवाहिक क्रूरता में शामिल हैं। जीवनसाथी के स्वास्थ्य, करियर और मानसिक संतुलन पर विपरीत असर डालना क्रूरता का संकेत है। जब शादी सिर्फ विवाद और तनाव का कारण बन जाए, तो इसे बनाए रखना दोनों पक्षों के हित में नहीं होता। इस निर्णय से यह स्पष्ट हुआ कि शादी में मानसिक और मानसिक उत्पीड़न को गंभीरता से लिया जाएगा, और ऐसे मामलों में पत्नी को तलाक का अधिकार सुरक्षित है।



