छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड: 28 दिनों में 3 मौतें, 8 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
Cold Wave in Chhattisgarh: हिमालय से आ रही सर्द हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठंड को और तेज कर दिया है। सूरज ढलते ही तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसका सीधा असर आम जनजीवन और लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बीते 28 दिनों में प्रदेश में ठंड के कारण 3 लोगों की मौत हो चुकी है। कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जबकि सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में पैरावट पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील हो रही हैं। यहां रात का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मैनपाट में भी पौधों और घास पर जमी ओस की बूंदें बर्फ बन गई।
यह भी पढ़ें:- रायपुर के वकील से 55 हजार की ठगी, ज्वेलर्स का व्हाट्सएप हैक कर भेजा गया फर्जी मैसेज
सरगुजा के पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक पाला पड़ने की स्थिति बनी हुई है। सुबह और शाम के समय लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा और रायपुर में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई खास संभावना नहीं है। खासकर प्रदेश के मध्य हिस्से के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| अंबिकापुर | 3.5 | 22.4 |
| पेंड्रा रोड | 8.0 | 24.0 |
| जगदलपुर | 8.0 | 26.6 |
| रायपुर | 7.9 | 26.4 |
| दुर्ग | 8.4 | 29.2 |
| राजनांदगांव | 9.0 | 28.0 |
| बिलासपुर | 10.4 | 26.2 |
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। पेंड्रा के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। इससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी है। यह विक्षोभ हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को दक्षिण की ओर धकेलता है। वहीं तेज जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत की ओर पहुंचा देती है। इसका नतीजा यह होता है कि उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंच जाती है और रात के तापमान में तेजी से गिरावट आती है। (Cold Wave in Chhattisgarh)
4 जिलों में प्राइमरी स्कूल बंद
उदाहरण के तौर पर इसे ऐसे समझा जा सकता है, जैसे फ्रिज का दरवाजा खुला रह जाए और पंखा चलने लगे तो ठंडी हवा दूर तक फैल जाती है। यहां पश्चिमी विक्षोभ फ्रिज की तरह और जेट स्ट्रीम पंखे की तरह काम कर रही है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए सरगुजा संभाग के चार जिलों में प्राइमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। सरगुजा और बलरामपुर के बाद कोरिया और सूरजपुर जिलों में भी प्राइमरी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी प्राइमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। हालांकि मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
स्कूलों के समय में बदलाव
ठंड को देखते हुए दो पालियों में संचालित स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। अब पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 12.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक संचालित होगी। यह आदेश सभी शासकीय, अर्धशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा। कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। (Cold Wave in Chhattisgarh)
अस्पतालों की ओपीडी में बढ़े मरीज
बाल और शिशु रोग विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा होता है। नवजात शिशुओं की मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होती, जिससे वे ठंड सहन नहीं कर पाते। सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे शिशुओं में हाइपोथर्मिया का खतरा और ज्यादा रहता है। ठंड के कारण अस्पतालों की ओपीडी में वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अंबेडकर अस्पताल में मेडिसिन, पीडियाट्रिक और चेस्ट विभाग में 600 से ज्यादा मरीज सामने आए हैं। रोजाना 2000 से ज्यादा मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। (Cold Wave in Chhattisgarh)



