Chhattisgarh : 5 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा, घर की बेटी ने ही खाली कर दिया खजाना, पढ़े पूरी खबर
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हुई करीब 5 करोड़ रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में घर की ही सदस्य, DTO विजय कुमार की भतीजी मीनल निकुंज, को मुख्य आरोपी बताया गया है। मीनल ने अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान और अन्य साथियों के साथ मिलकर नकदी और भारी मात्रा में सोने की चोरी को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- रायपुर के वकील से 55 हजार की ठगी, ज्वेलर्स का व्हाट्सएप हैक कर भेजा गया फर्जी मैसेज
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की रकम से आईफोन, लग्जरी कार खरीदी, रायपुर-भिलाई में ऐशो-आराम किया और विला बुक कर पार्टियां भी कीं। (Chhattisgarh News)
कैसे हुआ चोरी का खुलासा
यह मामला 6 दिसंबर 2025 को सामने आया, जब DTO विजय कुमार की पत्नी सुषमा निकुंज ने नारायणपुर थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पैतृक मकान केराडीह में है। जब वे वहां पहुंचीं तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और कमरे का कुंडा टूटा हुआ था।
अटैची में रखे 15 लाख रुपये नकद, सोने का सिक्का और जेवरात गायब थे, जिनकी कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई।
घर की बेटी पर गया शक
जांच के दौरान पुलिस को शक DTO की भतीजी मीनल निकुंज पर हुआ, जो कुछ दिन पहले घर की साफ-सफाई के बहाने वहां आई थी। FIR दर्ज होते ही मीनल अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ फरार हो गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर दोनों को झारखंड की राजधानी रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती के बाद मीनल ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
कई चरणों में की चोरी
पुलिस के मुताबिक, मीनल ने पहले आईफोन खरीदने के लिए 2 लाख रुपये चुराए। इसके बाद जन्मदिन पार्टी के लिए 3 लाख रुपये निकाले। जब किसी को शक नहीं हुआ, तो उसने आखिरी बार पूरा सूटकेस ही चोरी कर लिया।
सूटकेस में करीब 4 किलो सोना (1-1 किलो की दो सिल्लियां और 100-150 ग्राम के लगभग 15 सोने के बिस्किट) रखे थे।
- ऐशो-आराम में उड़ाया चोरी का पैसा
- आरोपियों ने चोरी के पैसों से
- रायपुर में विला बुक कर पार्टी की
- ओडिशा के राउरकेला में सोने के बिस्किट बेचे
- करीब 25 लाख रुपये की कार खरीदी
पूछताछ में मीनल ने यह भी बताया कि राउरकेला में सोना बेचने के दौरान जशपुर में किराए के कमरे में रखा करीब साढ़े तीन किलो सोना सूटकेस समेत चोरी हो गया।
आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। (Chhattisgarh News)



