अश्लील कार्यक्रम पर पुलिस की सख्ती, आयोजन समिति के 14 लोग गिरफ्तार
गरियाबंद। जिले में आयोजित एक कथित अश्लील कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कार्यक्रम से जुड़ी आयोजन समिति के 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने और सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े :- गरियाबंद के देवभोग में ‘मनोरंजन’ की आड़ में अश्लीलता का नंगा नाच, पढ़े पूरी खबर
गिरफ्तार आरोपियों में
देवेंद्र राजपूत (31), गोविंद देवांगन (21), नरेंद्र साहू (38), हसन खान (53), हरदयाल नागेश (50), मुकेश अग्रवाल (40), लाल कृष्ण कश्यप (27), राजेश कश्यप (36), सचिन कश्यप (24), लीलाधर साहू (50), ललित कौशिक (38), विकास यादव (32), जम्बूधर (40) और उमेश यादव (25) शामिल हैं। सभी आरोपियों को देवभोग एसडीएम न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्यक्रम से बिगड़ी कानून-व्यवस्था
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन किया गया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
तीन पुलिसकर्मी निलंबित, एसडीएम पर जांच
प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम के खिलाफ भी आज से जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि
सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले की जांच जारी है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



