थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा, पैसेंजर ट्रेन पर गिरी क्रेन, 22 लोगों की मौत, 80 घायल

Train Accident in Thailand: थाईलैंड में बुधवार को भीषण रेल हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन पर 65 फीट की ऊंचाई से निर्माणाधीन रेल ब्रिज की क्रेन गिर गई। हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक हादसे के वक्त ट्रेन में कुल 195 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र शामिल थे। दुर्घटना के समय ट्रेन करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।
यह भी पढ़ें:- राजधानी के बस टर्मिनल में आग का तांडव, कई बसें स्वाहा
जानकारी के मुताबिक क्रेन अचानक गिरने के कारण ट्रेन चालक को ब्रेक लगाने का कोई मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद क्रेन का भारी मलबा ट्रेन के कोचों पर गिर पड़ा, जिससे कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पटरी से उतर गए। हादसे के बाद ट्रेन के कुछ डिब्बों में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। आग और मलबे के कारण कई यात्री डिब्बों में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन दस्तों ने आग पर काबू पाया। बचाव दल के मुताबिक अब तक 12 शव घटनास्थल से बरामद किए जा चुके हैं। फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए कटिंग और स्प्रेडिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। (Train Accident in Thailand)
ट्रेन का डिब्बा दो हिस्सों में कटा
घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने पहले एक तेज धमाके की आवाज सुनी, जिसके बाद दो विस्फोट हुए। स्थानीय के मुताबिक जब मैं मौके पर पहुंचा, तो देखा कि एक बड़ी क्रेन यात्री ट्रेन पर गिरी हुई थी। क्रेन से निकला मेटल का टुकड़ा ट्रेन के बीचों-बीच जा लगा, जिससे एक डिब्बा दो हिस्सों में कट गया। प्रशासन और रेलवे विभाग ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्रेन क्यों गिरी, क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था। ट्रेन संचालन के समय आवश्यक सावधानियां बरती गई या नहीं। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।



