बच्चों की छिपी प्रतिभा सांस्कृतिक आयोजनों से निखरती है : विधायक इन्द्र साव
स्वामी आत्मानन्द विद्यापीठ देवरी के वार्षिक सांस्कृतिक समारोह में शामिल हुए विधायक
भाटापारा। स्वामी आत्मानन्द विद्यापीठ देवरी में वार्षिक सांस्कृतिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, गायन एवं नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक इन्द्र साव रहे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करते हैं।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़: बाइक से गांजा ले जाते युवक-युवती गिरफ्तार
विधायक इन्द्र साव ने विद्यालय की प्रबंधन समिति की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक मूल मंत्र के अनुसार दी जा रही शिक्षा से बच्चों में न केवल अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ती है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रथम गुरु माता-पिता होते हैं, इसके बाद शिक्षक उनके जीवन के प्रारंभिक मार्गदर्शक बनते हैं। यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन व संस्कार मिलें तो वे अपने माता-पिता, विद्यालय, गांव, शहर और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को मंच देकर उनकी प्रतिभा सामने लाना भी आवश्यक है, क्योंकि हर बच्चे की रुचि और क्षमता अलग होती है। जो जिस विधा में पारंगत हो, उसके लिए उपयुक्त वातावरण तैयार करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण भाग है। विधायक साव ने कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए संस्था के उत्तरोत्तर विकास हेतु शुभकामनाएं दीं।
दीप प्रज्ज्वलन कर किया शुभारंभ
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजप्रधान हरिराम वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. खूबचंद बघेल शिक्षण समिति के अध्यक्ष मोतीलाल वर्मा, खिलेंद्र वर्मा (पूर्व अध्यक्ष, जनपद पंचायत पलारी) एवं टेकराम घृतलहरे (सरपंच प्रतिनिधि) उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि “कला और संस्कृति किसी भी समाज की आत्मा होती है, और युवाओं को इसे सहेजना चाहिए। लोकनृत्यों ने मोहा मन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य रहे, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की गायन प्रस्तुति और हास्य-नाटक को भी खूब सराहना मिली। दर्शक दीर्घा में उपस्थित अभिभावक एवं ग्रामीणजन छात्रों की प्रस्तुतियों से बेहद प्रभावित नजर आए।
प्राचार्य ने जताया आभार
समारोह के अंत में विद्यालय के प्राचार्य दीपक वर्मा ने अतिथियों एवं पालकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज का आयोजन विद्यालय परिवार के लिए सदैव यादगार रहेगा।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में सेवाराम वर्मा (ग्राम प्रमुख एवं अध्यक्ष, शाला विकास समिति), पाहरू राम वर्मा (वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता), दिवाकर मिश्रा (नवनियुक्त अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा), वैभव केसरवानी, रेखराम वर्मा (क्षेत्रप्रधान), बृजमोहन वर्मा (ग्राम सदस्य), शत्रुघ्न रात्रे (सरपंच कैथी), मनोहर वर्मा (ग्राम प्रमुख सूमा), डॉ. जीवन लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



