नया खेल खिलाने के बहाने नाबालिग से रेप की कोशिश, पड़ोसी को 5 साल की सजा
Rape Attempted in Marwahi: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 12 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में पेंड्रारोड विशेष अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए कड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने आरोपी पड़ोसी युवक को कुल 5 साल के कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा से दंडित किया है। मामला 3 मार्च 2025 का है।
यह भी पढ़ें:- करोड़ों के धान गायब होने को लेकर सियासत तेज, बैज ने कहा- आम नहीं, VIP चूहों ने खाया धान, सांसद ने किया पलटवार
क्या है पूरा मामला
मरवाही थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 12 साल की नाबालिग बच्ची अपने घर के बाहर सहेलियों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी अशोक कुमार गंधर्व (उम्र 21 साल) ने बच्ची को नया खेल खिलाने का लालच दिया। बच्ची को बहला-फुसलाकर वह अपने घर के भीतर ले गया। उस समय बच्ची के माता-पिता लरकेनी गांव पैसे निकालने के लिए गए हुए थे, जबकि आरोपी के घर के अन्य सदस्य अंडी गांव में बुआ के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर सूना होने का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें शुरू की और दुष्कर्म का प्रयास किया।
समय रहते टली बड़ी घटना
इसी बीच बच्ची के माता-पिता और दादी घर लौट आए। बाहर से आवाज सुनकर आरोपी घबरा गया और बच्ची को छोड़ दिया। डरी-सहमी बच्ची ने घर पहुंचते ही पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। परिजनों ने बिना देर किए मरवाही थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही मरवाही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने सबूत जुटाते हुए 6 मार्च 2025 को आरोपी अशोक कुमार गंधर्व को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
न्यायालय का सख्त फैसला
मामले की सुनवाई विशेष अपर सत्र न्यायालय पेंड्रारोड में हुई। विशेष अपर सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया। न्यायालय ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 76 के तहत 3 साल के कठोर कारावास और 1000 रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई। इसके साथ ही पोक्सो अधिनियम 2012 की धारा 7 और 8 के तहत आरोपी को 5 साल के कठोर कारावास समेत 1000 रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया। न्यायालय ने आदेश में स्पष्ट किया कि जुर्माने की राशि अदा नहीं करने की स्थिति में आरोपी को हर मामले में एक-एक माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी।
10 महीने में आया फैसला
बता दें कि मामला दर्ज होने के महज 10 महीने के भीतर न्यायालय ने फैसला सुनाया। इसे बाल अपराधों के मामलों में तेजी से न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। न्यायालय ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट संदेश दिया है कि नाबालिगों के साथ होने वाले यौन अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इस प्रकरण में त्वरित जांच, सशक्त अभियोजन और समयबद्ध न्यायिक प्रक्रिया के चलते आरोपी को सजा दिलाई जा सकी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने इसे समाज के लिए कड़ी चेतावनी बताते हुए कहा कि नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। (Rape Attempted in Marwahi)
पुलिस की लोगों से अपील
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाकर कठोर दंड दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पीड़िता और उसके परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की गई। वहीं प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस तरह के किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय और समाज में सुरक्षा का भरोसा दिया जा सके। (Rape Attempted in Marwahi)



