नितिन नबीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, 45 साल में संभाली कमान, पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष
BJP National President: भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब औपचारिक रूप से भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। 45 साल के नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जो 49 साल की उम्र में पार्टी अध्यक्ष बने थे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार, बीजापुर में 6 नक्सली ढेर, गरियाबंद में 9 ने किया सरेंडर
राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ नितिन नबीन का ही नामांकन प्राप्त हुआ है। कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनकी जांच में सभी वैध पाए गए। डॉ. लक्ष्मण के मुताबिक 36 सेट नामांकन अलग-अलग राज्यों से आए। हर सेट पर 20 वरिष्ठ नेताओं के हस्ताक्षर थे। एक विशेष सेट भाजपा संसदीय बोर्ड की ओर से प्रस्तावित किया गया, जिस पर प्रधानमंत्री समेत 37 सांसदों के हस्ताक्षर थे। सिर्फ एक ही नामांकन हुआ है, इसलिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। (BJP National President)

नॉमिनेशन प्रक्रिया के दौरान भाजपा के लगभग सभी शीर्ष नेता पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी, गुजरात, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ सांसद और संगठन पदाधिकारी शामिल है। सभी नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए। नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व जानता है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम है। हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने हीरा चुन लिया है। नितिन ने पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत की है और आज उन्हें उसकी मेहनत का फल मिला है।

भाजपा अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया कैसे शुरू हुई ?
डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पूरे होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। यह संख्या संविधान में तय 50% से ज्यादा है, इसलिए चुनाव वैध रूप से कराया गया। बीजेपी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठन पर्व केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र का उत्सव है, जहां अन्य दल परिवार-केंद्रित राजनीति तक सीमित रहे हैं, वहीं भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पारदर्शी, सहभागी और लोकतांत्रिक तरीके से अपने नेतृत्व का चयन करती है। जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन और अब तक चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्षों की परंपरा इस सच्चाई का जीवंत प्रमाण है कि भाजपा में बड़े पद और बड़ी जिम्मेदारियां किसी परिवार से नहीं, बल्कि परिश्रम, समर्पण, जनसेवा और देशसेवा के आधार पर तय होती हैं।
अब तक के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष

जानिए कौन हैं नितिन नबीन ?
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को बिहार की राजधानी पटना में एक राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में हुआ। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा भाजपा के स्थानीय स्तर पर प्रतिष्ठित चेहरे रहे हैं और कई सालों तक सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। परिवार की राजनीतिक भागीदारी का प्रभाव नितिन की विचारधारा और उनके ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में जनसेवा के दृष्टिकोण पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। नितिन ने पटना में ही अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। कॉलेज और विश्वविद्यालय के दिनों से ही वे छात्र राजनीति से जुड़े रहे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इन्हें युवाओं में प्रेरणा देने वाला नेता माना जाता है, जिन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ राजनीति को गंभीरता से अपनाया।
विधायक के रूप में मजबूत पारी
नितिन नबीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार ( 2006, 2010, 2015, 2020, 2025) विधायक का चुनाव जीता। इस तरह वे अपनी सीट पर जनता के बीच इतना भरोसा कायम कर पाए कि हर बार भारी मतों से विजयी रहे। उनका चुनावी सफर संगठनात्मक शक्ति, क्षेत्रीय विकास एजेंडा और जनसमस्या को प्राथमिकता देने जैसी वजहों से हमेशा चर्चित रहा। नितिन नबीन को एक संगठनप्रिय, मेहनती और रणनीतिक सोच वाले नेता के रूप में पहचाना जाता है। (BJP National President)
12वें भाजपा अध्यक्ष के कार्यकाल में 11 अहम चुनाव
| 2026 | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव |
| तमिलनाडु विधानसभा चुनाव | |
| केरल विधानसभा चुनाव | |
| असम विधानसभा चुनाव | |
| 2027 | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव |
| उत्तराखंड विधानसभा चुनाव | |
| पंजाब विधानसभा चुनाव | |
| गोवा विधानसभा चुनाव | |
| मणिपुर विधानसभा चुनाव | |
| राष्ट्रपति चुनाव | |
| उपराष्ट्रपति चुनाव |
बता दें कि भाजपा का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ था, तब से अब तक 45 साल में 14 राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, जिसमें सबसे बुजुर्ग कुशाभाऊ ठाकरे (75) और सबसे युवा अध्यक्ष नितिन नबीन बने हैं। पिछले 6 महीनों में भाजपा ने तीन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुने, जिसमें मध्यप्रदेश के हेमंत खंडेलवाल, उत्तरप्रदेश के पंकज चौधरी और झारखंड के आदित्य साहू शामिल है। तीनों राज्यों में किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था।
कैसे होता है भाजपा अध्यक्ष का चुनाव ?
भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी के संविधान और संगठनात्मक नियमों के तहत होता है। यह प्रक्रिया आंतरिक लोकतंत्र, संगठनात्मक संतुलन और राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर तय की गई है। भाजपा के संविधान की धारा-19 में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से जुड़े सभी नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लेख है। अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ओर से तय नियमों के अनुसार होता है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी करते हैं। चुनाव पारदर्शी और लिखित नियमों के आधार पर कराया जाता है। पार्टी का संविधान यह सुनिश्चित करता है कि अध्यक्ष का चयन व्यक्तिगत नहीं बल्कि संगठनात्मक सहमति से हो।
इलेक्टोरल कॉलेज की भूमिका
राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव सीधे कार्यकर्ता नहीं, बल्कि एक विशेष इलेक्टोरल कॉलेज की ओर से किया जाता है। इलेक्टोरल कॉलेज में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, सभी प्रदेश परिषदों के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। कुल सदस्यों की संख्या लगभग 5,708 है। प्रतिनिधित्व 30 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि पार्टी अध्यक्ष पूरे देश के संगठनात्मक प्रतिनिधियों की राय से चुना जाए। (BJP National President)
अध्यक्ष बनने की पात्रता शर्तें
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए उम्मीदवार को कुछ अनिवार्य शर्तें पूरी करनी होती हैं, जिसके मुताबिक कम से कम 15 सालों तक भाजपा का प्राथमिक सदस्य होना जरूरी। इलेक्टोरल कॉलेज के कम से कम 20 सदस्यों का प्रस्तावक समर्थन मिलना चाहिए।उम्मीदवार पार्टी अनुशासन और संविधान के अनुरूप पात्र हो। इन शर्तों का मकसद यह है कि अध्यक्ष पद पर केवल अनुभवी और संगठन से जुड़े नेता ही आएं। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू होती है। सबसे पहले उम्मीदवार को तय समय सीमा में नामांकन फॉर्म भरना होता है। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी सभी नामांकन पत्रों की वैधता की जांच करते हैं। अगर एक से ज्यादा नामांकन होते हैं तो मतदान कराया जाता है। अगर सिर्फ एक ही नामांकन हो तो मतदान नहीं कराया जाता और उम्मीदवार को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया जाता है। एक कार्यकाल 3 साल का होता है। लगातार 2 कार्यकाल यानी कुल 6 साल। भाजपा के संविधान के मुताबिक कोई भी पात्र सदस्य लगातार 6 साल से ज्यादा समय तक अध्यक्ष नहीं रह सकता।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताकत और जिम्मेदारी
- चुनावी रणनीति, गठबंधन और प्रचार की अंतिम मंजूरी
- केंद्र और राज्य सरकारों के साथ संगठन का तालमेल
- महासचिव, सचिव, प्रवक्ता, प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति
- नए राजनीतिक सहयोगियों को जोड़ना
- राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की नीति तय करना
- जमीनी स्तर पर कैडर को सक्रिय रखना
- राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का रुख तय करना
- संसद और सार्वजनिक मंचों पर विपक्ष का जवाब
- RSS और सहयोगी संगठनों के साथ संतुलन बनाए रखना



