Google Analytics —— Meta Pixel

भाजपा के गठन के समय पैदा भी नहीं हुए थे नितिन नबीन, अब बने दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

BJP National President Nitin: भारतीय जनता पार्टी में आज से एक नए दौर की शुरुआत हो रही है। 45 साल के नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं के समर्थन से वे निर्विरोध इस पद पर चुने गए। नितिन नबीन आज औपचारिक रूप से जेपी नड्डा की जगह लेंगे, जो 2020 से पार्टी के अध्यक्ष थे। दिलचस्प बात यह है कि जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी, उस समय नितिन नबीन का जन्म भी नहीं हुआ था। अब वही नेता दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान संभालने जा रहे हैं। इसे भाजपा में युवा नेतृत्व की ऐतिहासिक छलांग के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- नितिन नबीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, 45 साल में संभाली कमान, पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन एकमात्र उम्मीदवार थे। पार्टी के रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने घोषणा की कि नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जो सभी वैध पाए गए। इन नामांकन पत्रों के प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत पार्टी के शीर्ष नेता शामिल थे। 36 नामांकन भाजपा की राज्य इकाइयों की ओर से और एक सेट भाजपा संसदीय दल की ओर से दाखिल किया गया। नितिन नबीन बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे अब तक पांच बार बिहार विधानसभा के लिए चुने जा चुके हैं। उन्होंने 2006 में उपचुनाव के जरिए विधानसभा में कदम रखा और इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की।

LokSabha Election 2024

2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें 98,299 वोट मिले और उन्होंने राजद उम्मीदवार को लगभग 51 हजार वोटों के बड़े अंतर से हराया। नितिन नबीन एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक थे। पिता के निधन के बाद 2006 में नितिन नबीन ने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। उन्होंने बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास एवं आवास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही वे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव, बिहार भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष, सिक्किम और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी जैसे अहम संगठनात्मक दायित्व भी संभाल चुके हैं। (BJP National President Nitin)

दिसंबर 2025 में बने थे कार्यकारी अध्यक्ष

दिसंबर 2025 में भाजपा संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके बाद से ही उन्हें भविष्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर देखा जा रहा था। अब महज एक महीने के भीतर वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। 45 साल की उम्र में भाजपा जैसे विशाल संगठन की कमान संभालना नितिन नबीन को पार्टी का अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाता है। पार्टी के भीतर इसे आने वाले चुनावों से पहले युवा नेतृत्व, संगठनात्मक मजबूती और नई ऊर्जा के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। जबकि नबीन का जन्म 23 मई 1980 को हुआ था। नितिन नबीन ने साल 1996 में पटना के एक CBSE स्कूल से दसवीं की पढ़ाई की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली आ गए। उन्होंने दिल्ली के एक स्कूल से 1998 में 12वीं पास की। नितिन नबीन की पत्नी का नाम दीपमाला श्रीवास्तव है, जिनके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!