नितिन नबीन ने पदभार किया ग्रहण, कहा- भाजपा में पद नहीं, परंपरा मिलती है

BJP President Nabin Tweet: बीजेपी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है। आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है और सेवा का दृढ़ संकल्प है। इस नई जिम्मेदारी के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।
यह भी पढ़ें:- पांच राज्यों के चुनावों से पहले भाजपा को मिला नया अध्यक्ष, नबीन ने कहा- हर चुनौती को पार करेंगे कार्यकर्ता
नबीन ने आगे कहा कि मैं उन सभी प्रदेशों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस पद के लिए मेरा नाम प्रस्तावित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकसित भारत बनाने का जो संकल्प दिया है, उसे साकार करने के लिए हम सभी पूर्ण एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्यरत रहेंगे। मैं पूरे आदर और सम्मान के साथ जेपी नड्डा के नेतृत्व के लिए उनका हार्दिक आभार प्रकट करता हूं। उनके नेतृत्व में संगठन ने अभूतपूर्व विस्तार देखा और कार्यकर्ता-आधारित राजनीति तथा सेवा की संस्कृति और अधिक सुदृढ़ हुई। उसी संगठनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाना मेरा साझा संकल्प है। भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां बड़े पदों और बड़ी जिम्मेदारियों के लिए किसी विशेष परिवार से होना आवश्यक नहीं। यहां साधारण कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ी योग्यता है।

उन्होंने कहा कि इसी संगठन में एक सामान्य परिवार का व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक साधारण कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे दायित्व तक पहुंच सकता है। एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन में जमीनी स्तर से लेकर आज इस दायित्व तक पहुंचना, मेरे लिए सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है। पार्टी के वरिष्ठजनों और करोड़ों कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास और अपार सहयोग से ही यह संभव हुआ है। यही भारतीय जनता पार्टी की आत्मा है और यही उसे अन्य राजनीतिक दलों से मूल रूप से अलग बनाती है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से लेकर पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद तक, अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों से लेकर प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व तक, भाजपा का हर कदम एक ही संकल्प से संचालित रहा है: राष्ट्र प्रथम। (BJP President Nabin Tweet)

नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है और यह भरोसा केवल नारों तक सीमित नहीं रहा। यह संगठन की संरचना, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व निर्माण में लगातार दिखाई देता है। राजनीति कोई 100 मीटर की रेस नहीं बल्कि मैराथन है। 100 मीटर की रेस में स्पीड का टेस्ट होता है वहीं मैराथन में स्टेमिना का टेस्ट होता है। इसलिए युवाओं को धैर्य के साथ राजनीति की पिच पर जमे रहने की जरूरत है। सेवा, विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तिकरण की यह संगठनात्मक यात्रा देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के संगठनात्मक मार्गदर्शन और देशभर के समर्पित कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम से आगे बढ़ी है और आगे भी इसी सामूहिक शक्ति से आगे बढ़ेगी।

नए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज मैं देश के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता से कहना चाहता हूं कि आप केवल कार्यकर्ता नहीं हैं, आप राष्ट्र निर्माण के सिपाही हैं। आपका संघर्ष, आपकी निष्ठा और आपका परिश्रम भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है- 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना और प्रधानमंत्री जी के संकल्प को सिद्ध करना। एक ऐसा भारत बनाना, जहां विकास और विरासत साथ-साथ आगे बढ़ें। मुझे ज्ञात है कि यह यात्रा लंबी है और चुनौतियां भी आएंगी, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता कभी डगमगाता नहीं, क्योंकि वह सत्ता की नहीं, सेवा और संकल्प की राजनीति करता है। मुझे गर्व है कि मैं इस महान संगठन का कार्यकर्ता हूं। मुझे गर्व है कि मैं भाजपा परिवार का हिस्सा हूं। आप सभी के मार्गदर्शन, स्नेह और सहयोग की अपेक्षा है। (BJP President Nabin Tweet)




