Google Analytics —— Meta Pixel

पांच राज्यों के चुनावों से पहले भाजपा को मिला नया अध्यक्ष, नबीन ने कहा- हर चुनौती को पार करेंगे कार्यकर्ता

BJP President Nitin Nabin: नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। साथ ही कहा कि मैं सर्वप्रथम आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा के विस्तार में योगदान देने वाले हमारे शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का अवसर दिया है, इसके लिए मैं आप सभी को प्रणाम करता हूं। मैं आज इस अवसर पर पार्टी के पूर्व के राष्ट्रीय अध्यक्षों का स्मरण करता हूं और यहां मौजूद पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का अभिवादन करता हूं। 2006 में जब मैं पहली बार विधायक बना, तब से मैं देख रहा हूं कि राजनाथ सिंह जी ने किस प्रकार हर कार्यकर्ता से जुड़ने का प्रयास किया। नितिन गडकरी जी ने संगठन के हर मोर्चे को गढ़ने का काम किया। गृहमंत्री अमित शाह जी जब राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब उन्होंने किस प्रकार हर कार्यकर्ता की चिंता की।

यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट कल , रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम को मिल सकती है मंजूरी

उन्होंने कहा कि मैं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं, उन्होंने पार्टी को यहां तक पहुंचाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। जब प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 समाप्त किया, तो कश्मीर का माहौल बदल गया और आज कश्मीर के हर कोने में तिरंगा शान से लहरा रहा है। हम राष्ट्र को सर्वोपरि, पार्टी को सर्वोपरि और स्वयं को सर्वोपरि मानते हुए काम करते हैं। अगर आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है, तो इसकी वजह हमारा प्रेरणादायी नेतृत्व है, हमारी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत है।

नबीन ने कहा कि वो कार्यकर्ता, जो अनवरत काम करता है, जो कठिन से कठिन परिस्थिति में भी भारत का ध्वज झुकने नहीं देता है, जो सीना ठोककर कहता है, तेरा वैभव अमर रहे मां…। भाजपा के कार्यकर्ता कुछ नारों को जनसंघ के समय से गढ़ते थे- ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है’, ‘एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेगा’। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने वह समय देखा, जब अयोध्या में राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। जम्मू-कश्मीर की जनता ने धारा 370 से मुक्ति का दौर देखा, जब हम श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा लहराते हुए देखते हैं तो गर्व की अनुभूति होती है। हमने वह दौर भी देखा है जब पाकिस्तान के झंडे लहरा रहे थे और दिल्ली की सरकार मौन बैठी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 की समाप्ति हुई तो कश्मीर की फिजा बदली।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाला है और वहां की डेमोग्राफी की चर्चा हो रही है कि किस प्रकार वहां डेमोग्राफी बदल रही है। यह हमारे लिए चुनौती है, लेकिन हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने संघर्ष और परिश्रम के बल पर इन पांचों राज्यों में सशक्त भाजपा का नेतृत्व प्रदान करेगा। वहीं भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है जब भाजपा जैसी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज ये पदभार संभाल रहे हैं। मैं अपनी ओर से और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। ऐसे महान पार्टी के आपने 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। आपको बहुत-बहुत बधाई और आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में जो हमारी आशा थी उस आशा तक नतीजे नहीं आए। इन नतीजों ने न सिर्फ पार्टी, बल्कि देश के जनमानस को हैरान किया। देश के मतदाताओं के मन में कसक पैदा हुई, एक टीस पैदा हुई और देश के मतदाताओं ने ठान लिया कि अब कोई भी चुनाव आएगा तो मोदी जी को पूरा आशीर्वाद देंगे और देश में पार्टी की तरक्की के लिए काम करेंगे। मुझे याद है, 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद, विपक्ष के हौसले हरियाणा चुनाव में बुलंद थे। वे चुनाव के नतीजे आने से पहले ही वे मिठाइयां बांटने का इंतजाम कर रहे थे। उन्हें मालूम नहीं था कि देश के मतदाताओं ने और हरियाणा के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि जो कभी ओवरकॉन्फिडेंस की वजह से हुई छोटी-मोटी गलतियां रह गई थी उसे वे सूद समेत वापस देंगे और उन्होंने हरियाणा चुनावों में ठीक वैसा ही किया। हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में रिकॉर्ड जीत देखी। आपके नेतृत्व में, 27 साल बाद दिल्ली में भी कमल खिला, और दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। (BJP President Nitin Nabin)

नड्डा ने कहा कि नितिन जी जो मूलत: कार्यकर्ता हैं, वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व हैं और बहुत ही छोटी उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी विधायक हैं। बिहार सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव के रूप में आपको सारे देश का भ्रमण करने का मौका मिला, आपने सारे देश को समझा। आप सिक्किम के प्रभारी रहे और आप छत्तीसगढ़ के भी प्रभारी रहे, जहां आपने BJP सरकार लाने में बहुत बड़ा योगदान किया। ऐसे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। आपको बहुत-बहुत बधाई, बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हर पल, हर मौके पर पार्टी को दृष्टि देते हुए कार्य करने का जो सुअवसर दिया और जो ताकत दी, उस कारण से हम ये कार्य कर पाए। देश के प्रधान सेवक होने के बावजूद भी, अति व्यस्त रहने के बावजूद भी आपने जो पार्टी की छोटी-छोटी बारीकियों पर ध्यान देकर पार्टी को आगे बढ़ाने में योगदान दिया, उसके लिए मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं।

Back to top button
error: Content is protected !!