Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई, कई जिलों में छापेमारी, हजारों बोरी धान जब्त, राइस मिल सील

Action Against Illegal Paddy: राज्य सरकार के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में अवैध धान परिवहन, भंडारण, मिलिंग में अनियमितता और धान खरीदी में लापरवाही के खिलाफ प्रशासन ने एक साथ सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टरों के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य, मंडी, सहकारिता और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की है, जिसमें हजारों बोरी धान जब्त, राइस मिल सील, FIR दर्ज, खरीदी प्रभारियों की सेवा से पृथकता और नोडल अधिकारियों के निलंबन जैसे कड़े कदम उठाए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- 6 मजदूरों की मौत के बाद जागा प्रशासन…!, बलौदाबाजार के रियल इस्पात प्लांट का संचालन बंद

महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। सरायपाली विकासखंड अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपमा आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कैदवा नवागढ़ क्षेत्र में माजदा वाहन से परिवहन किए जा रहे 80 बोरे धान को जब्त कर थाना को सौंपा गया। वहीं बागबाहरा विकासखंड में डिप्टी कलेक्टर शुभम देव के नेतृत्व में जय अम्बे राइस मिल, तेन्दूकोना का भौतिक सत्यापन किया गया, जहां 12,887 बोरा धान कम पाया गया। मामले की जांच जारी है। इसी क्षेत्र में अलग से 80 कट्टा धान जब्त किया गया। इसके अलावा बसना विकासखंड के चनाट गांव में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 70 पैकेट धान पकड़े गए, जिन पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

बलौदाबाजार में 227 बोरी अवैध धान जब्त

बलौदाबाजार जिले में फुटकर व्यापारियों और कोचियों पर संयुक्त जांच टीम ने दबिश दी। तहसील लवन अंतर्गत करदा गांव में पंचराम के दुकान से 37 बोरी, भालूकोना गांव में विमल साहू के दुकान और गोदाम से 162 बोरी, तहसील पलारी के औरासी गांव में यादव प्रसाद वर्मा के दुकान से 28 बोरी अवैध धान जब्त किया गया। सभी जब्त धान कोटवार को सौंपे गए। धान खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान निगरानी में मिली अनियमितताओं के आधार पर पलारी उपार्जन केंद्र के खरीदी प्रभारी रूद्रदत्त पांडेय को खरीदी कार्य से पृथक करते हुए उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी गई। इसके साथ ही सैहा, कोयदा, मोहतरा और मोहरा उपार्जन केंद्रों के चार अन्य खरीदी प्रभारियों की भी वेतन वृद्धि रोकी गई है। अवैध धान की रोकथाम के लिए संवेदनशील उपार्जन केंद्रों में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 100 बोरी धान जब्त

मरवाही विकासखंड के सिवनी गांव में पिकअप वाहन से ट्रैक्टर में अवैध रूप से धान उतारते समय लगभग 100 बोरी धान जब्त किया गया। वाहन सहित धान को थाना मरवाही को सौंपा गया है। धमतरी के दर्री गांव में स्थित रामसेवक एंड संस राइस मिल में जांच के दौरान कस्टम मिलिंग साल 2024-25 के तहत 3116.08 क्विंटल चावल शासन को जमा नहीं करने का मामला सामने आया। बचे चावल की अनुमानित कीमत 1.33 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा मिल परिसर में 60 कट्टा धान और 23 बोरी रिजेक्शन चावल पाया गया। अनियमितता पर मिल को सील कर संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई। (Action Against Illegal Paddy)

गरियाबंद में तीन नोडल अधिकारी निलंबित

धान उपार्जन केंद्रों में गंभीर लापरवाही के मामलों में कलेक्टर बीएस उइके ने तीन नोडल अधिकारियों को निलंबित किया है। उज्जवल शर्मा ने पोखरा समिति के 74 किसानों के आवेदनों का कार्यालय में बैठकर ही बिना किसी वास्तविक जांच के सत्यापन कर दिया और समिति के फोटोग्राफ्स अपलोड कर दिए। राजकुमार साहू ने भी सांकरा समिति के 57 किसानों के आवेदनों का कार्यालय में बैठकर बिना वास्तविक जांच किए सत्यापन कर दिया और समिति के फोटोग्राफ्स अपलोड कर दिए। वहीं रेखराम साहू सांकरा समिति के 129 किसानों के आवेदनों का कार्यालय में बैठकर बिना वास्तविक जांच किए सत्यापन कर दिया। तीनों मामलों में सिविल सेवा नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया गया है। राज्य सरकार और प्रशासन ने कहा कि अवैध धान परिवहन, भंडारण, मिलिंग में गड़बड़ी और खरीदी में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी प्रदेशभर में जांच और कार्रवाई और तेज की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!