जशक्राफ्ट को मिला राष्ट्रीय पहचान का नया मंच, देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर मिलेंगे महिलाओं के बनाए उत्पाद

Jashcraft of Jashpur: वन विभाग की पहल पर जशपुर जिले में महिला सशक्तिकरण और वन आधारित आजीविका को नई दिशा देने वाला एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बगिया में रेयर प्लेनेट संस्था और स्व-सहायता समूह-जागरण, स्माईल आरती, राखी और मुस्कान समूह के बीच जशक्राफ्ट ब्रांड के उत्पादों के विपणन के लिए अनुबंध समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के अंतर्गत अब जशपुर की जनजातीय महिलाओं के बनाए गए बांस, छिंद, मिट्टी और लकड़ी से निर्मित हस्तशिल्प, आभूषण और सजावटी उत्पाद देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर संचालित रेयर प्लेनेट के बिक्री केंद्रों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ की सेवा भावना को राष्ट्रीय सम्मान, बस्तर की बुधरी ताती और दंतेवाड़ा डॉक्टर दंपति को पद्मश्री
इससे स्थानीय स्व-सहायता समूहों को स्थायी बाजार, उचित मूल्य और नियमित आय के अवसर प्राप्त होंगे। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एमओयू को जशपुर की महिलाओं के लिए एक निर्णायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि जशक्राफ्ट जैसे ब्रांड के माध्यम से हमारी आदिवासी बहनों की कला अब देशभर के लोगों तक पहुंचेगी। यह पहल केवल उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, आर्थिक स्वतंत्रता और स्वावलंबन की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का निरंतर प्रयास है कि वन और परंपरागत ज्ञान आधारित आजीविका को बाजार से जोड़ा जाए, ताकि महिलाएं अपने गांव में रहकर सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। (Jashcraft of Jashpur)
पुस्तक विमोचन और जशक्राफ्ट उत्पादों की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह एमओयू ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा को साकार करता है। जशपुर की जनजातीय महिलाओं को राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक ठोस और दूरगामी पहल है। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय, पत्थलगांव क्षेत्र की विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार समेत स्व-सहायता समूह की महिलाएं और रेयर प्लेनेट संस्था के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘जशक्राफ्ट’ पर आधारित विशेष पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने जशक्राफ्ट के अंतर्गत तैयार किए गए आभूषणों, हस्तनिर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनकी गुणवत्ता, कलात्मकता और नवाचार की सराहना की।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या देवी और विधायक गोमती साय का जशक्राफ्ट ब्रांड के पारंपरिक आभूषण पहनाकर स्वागत किया, जो महिला सशक्तिकरण और स्थानीय संस्कृति के सम्मान का सशक्त प्रतीक बना। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जशक्राफ्ट ब्रांड के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार वीडियो का भी विमोचन किया गया, जिससे जशक्राफ्ट को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है। बता दें कि जशक्राफ्ट जशपुर जिले की समृद्ध जनजातीय सांस्कृतिक विरासत की सजीव अभिव्यक्ति है। जिले की लगभग 65 प्रतिशत जनसंख्या जनजातीय समुदायों से आती है, जहां पीढ़ियों से बांस, कांसा घास, छिंद पत्ते, लकड़ी और मिट्टी से हस्तनिर्मित कलाकृतियां तैयार की जाती रही हैं। (Jashcraft of Jashpur)

पहले संगठित व्यवस्था और बाजार की कमी के कारण कारीगरों की प्रतिभा सीमित रह जाती थी। जिला प्रशासन की पहल से जशक्राफ्ट के रूप में ऐसा सशक्त मंच विकसित हुआ है, जो जशपुर जिले के आठों विकासखंडों के कारीगरों को एकजुट कर उनकी कला को पहचान, संरक्षण और बाजार उपलब्ध करा रहा है। इस पहल के केंद्र में आदिवासी महिला कारीगर हैं, जिनके हाथों से बिना मशीनों के बने उत्पाद परंपरा, प्रकृति और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हैं। जशक्राफ्ट आज स्वदेशी ज्ञान से आकार लेते हुए एक टिकाऊ और सम्मानजनक आजीविका मॉडल के रूप में उभर रहा है। वन विभाग की ओर से संचालित यह पहल महिला स्वावलंबन, वन आधारित आजीविका और स्थानीय उत्पादों के राष्ट्रीय बाजारीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हो रही है, जो आने वाले समय में जशपुर को हस्तशिल्प के राष्ट्रीय मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाएगी।




