छात्रों के लिए जरूरी खबर: 75% से कम उपस्थिति पर बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड होगा निरस्त, पढ़े पूरी खबर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हाईस्कूल नियमित, स्वाध्यायी एवं अवसर परीक्षा वर्ष 2026 को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंडल ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी या जो किसी भी कारण से अपात्र पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी स्थिति में बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- Parliament Budget Session 2026 : संसद पहुंचे पीएम मोदी, बोले- विकसित भारत 2047 के लिए अगले 25 साल निर्णायक
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के बिलासपुर संभागीय कार्यालय द्वारा 23 जनवरी 2026 को इस संबंध में पत्र जारी कर संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है। पत्र में बताया गया है कि हाईस्कूल नियमित, स्वाध्यायी एवं अवसर परीक्षा 2026 के प्रवेश पत्रों का वितरण 28 जनवरी 2026 से शुरू किया जाएगा।

मंडल के अनुसार, प्रवेश पत्र पहले जिला स्तर की समन्वयक संस्थाओं को उपलब्ध कराए जाएंगे, जहां से संबंधित विद्यालय उन्हें प्राप्त करेंगे। इसके बाद विद्यालयों को छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र वितरित करते समय उनकी पात्रता और उपस्थिति का अनिवार्य रूप से सत्यापन करना होगा।
निर्देश में कहा गया है कि जिन परीक्षार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम पाई जाती है या जो अन्य किसी कारण से परीक्षा के लिए अपात्र हैं, उनके प्रवेश पत्र स्पष्ट कारण अंकित करते हुए “CANCEL” किया जाए। ऐसे सभी निरस्त प्रवेश पत्र संभागीय कार्यालय, बिलासपुर में अनिवार्य रूप से जमा कराना होगा।
मंडल ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि किसी संस्था की लापरवाही के कारण अपात्र या कम उपस्थिति वाले छात्र परीक्षा में शामिल होते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख या प्राचार्य की होगी। ऐसे मामलों में मंडल द्वारा संबंधित संस्था के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
माशिमं का यह कदम परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि केवल वही छात्र बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हों, जो निर्धारित नियमों और उपस्थिति मानकों को पूरा करते हैं।
संभागीय कार्यालय ने सभी प्राचार्यों से अपील की है कि वे मंडल के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और प्रवेश पत्र वितरण की प्रक्रिया को पूरी तरह नियमसम्मत और पारदर्शी तरीके से संपन्न करें।



