Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रेड डील पर बवाल, कांग्रेस ने कहा- अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत का बाजार खोलकर किसानों से किया विश्वासघात, ट्रंप के दबाव में मोदी 

Congress on Trade Deal: कांग्रेस ने अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने X पर लिखा प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत हुई। यह जानकारी भारतीय पक्ष की ओर से नहीं, बल्कि भारत में अमेरिका के राजदूत की ओर से दी गई है। अब यह जैसे एक रूटीन बनता जा रहा है। भारत को अपनी ही सरकार की कार्रवाइयों के बारे में जानकारी राष्ट्रपति ट्रंप या उनके नियुक्त प्रतिनिधियों से मिलती है। रमेश ने कहा कि ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की घोषणा वॉशिंगटन डीसी से की। उन्होंने वॉशिंगटन से ही रूस और वेनेजुएला से भारत की तेल खरीद को लेकर अपडेट की घोषणा की।

यह भी पढ़ें:- सदन की टूटी मर्यादा…! लोकसभा में कागज फेंकने पर एक्शन, 8 सांसद पूरे सत्र के लिए सस्पेंड

कांग्रेस सांसद ने कहा कि अब उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा भी वॉशिंगटन से कर दी है, जिसके पूरे विवरण का अभी इंतजार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी किसी वजह से राष्ट्रपति ट्रंप के सामने साफ तौर पर दबाव में दिखाई देते हैं। सामान्य तौर पर होने वाली गले-मिलने की झप्पियों की बात तो दूर, अब PM उनके साथ दिखने तक से असहज नजर आते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि PM मोदी ने आखिर में हार मान ली है। यह निश्चित रूप से फादर ऑफ ऑल डील्स नहीं हो सकता। वॉशिंगटन में साफ तौर मोगैम्बो खुश है। (Congress on Trade Deal)

PM मोदी की खोखली झप्पी कूटनीति की पोल खुल गई: रमेश

उन्होंने आगे कहा कि लगभग ठीक एक साल पहले प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ट्रंप के दोबारा चुने जाने पर उन्हें बधाई देने के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपनी मशहूर झप्पी कूटनीति का पूरा प्रदर्शन किया। भारत-अमेरिका संबंध इससे पहले कभी इतने उज्ज्वल नहीं लगे थे। इसके तुरंत बाद एक ट्रेड डील के लिए बातचीत शुरू हुई, लेकिन 10 मई 2025 की शाम को राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की पहली घोषणा किए जाने के बाद से हालात बिगड़ने लगे। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ निकटता दिखाते हुए फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की गर्मजोशी से मेजबानी की, जिससे PM मोदी की खोखली झप्पी कूटनीति की पोल खुल गई।

दोनों सदनों की मेज पर रखा जाना चाहिए मुद्दा: जयराम

कांग्रेस महासचिव जयराम ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय समय के अनुसार बहुत देर रात ट्रेड डील की घोषणा की। राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से दी गई जानकारी से यह बिल्कुल साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जैसा 10 मई 2025 को किया था। वैसे ही पूरी तरह आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने निश्चित रूप से राष्ट्रपति ट्रंप को तुष्ट किया है। घटनाओं की इस दुर्भाग्यपूर्ण श्रृंखला से भारत की स्थिति कमजोर पड़ गई है। संसद सत्र चल रहा है। यूरोपीय संघ (EU) और संयुक्त राज्य अमेरिका (US) दोनों के साथ हुए व्यापार समझौतों का पूरा टेक्स्ट संसद के दोनों सदनों की मेज पर रखा जाना चाहिए और उस पर बहस होनी चाहिए। खासकर इसलिए कि अमेरिका की कृषि मंत्री ब्रुक रोलिन्स ने यह दावा करते हुए एक बयान जारी किया है कि भारत ने अमेरिका से कृषि आयात को उदार बनाया है। (Congress on Trade Deal)

भारत के किसानों का क्या होगा ?: सुरजेवाला

वहीं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील में देश के किसानों के साथ घातक विश्वासघात है। किसान को दौराहे पर ला खड़ा किया, जहां रोजी रोटी छिनने की बात है और आजीविका पर सीधे हमला है। भारत की संप्रभुता से भी खिलवाड़ है। अमेरिका के खेती उत्पाद अब भारत में जीरो परसेंट ड्यूटी पर आएंगे और भारत अमेरिका का $1.3 बिलियन डॉलर का ट्रेड घाटा अमेरिका के हक में होगा। यानी अमेरिका की कपास, दूध, मिल्क प्रोडक्ट्स, दालें, सोयाबीन, मक्का, नट्स, बादाम, अखरोट पिस्ता, सेब, फल सब के सब अब खुलेआम भारत के बाजार में बेच सकेंगे। ये अमेरिका की कृषि मंत्री कह रही हैं। तो भारत के किसान और खेत मजदूर का क्या होगा ? (Congress on Trade Deal)

अमेरिका की कपास बिना ड्यूटी के भारत में बिकेगी: सुरजेवाला

सुरजेवाला ने कहा कि भारत अब अमेरिका से $500 बिलियन अमेरिकी डॉलर का आयात करेगा। अभी यह $50 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। भारत अब रूस से सस्ता कच्चा तेल नहीं खरीदेगा। भारत अब वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदेगा। ये घोषणा भी अनेरिका के राष्ट्रपति ने की है। भारत ने ईरान से पहले ही कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है, क्योंकि यह अमेरिका की शर्त थी। क्या ये राष्ट्रहित है ? सुरजेवाला ने आगे कहा कि अमेरिका के कृषि मंत्री ने कहा है इस ट्रेड डील में अमेरिका का सारे खेती उत्पाद जीरो ड्यूटी पर भारत में बेचे जाएंगे। देश के किसान के लिए इससे बड़ा विश्वासघात हो ही नहीं सकता। अब अमेरिका की कपास बिना ड्यूटी के भारत में बिकेगी। वहां का मक्का, गेंहू, डेयरी उत्पाद, बादाम, अखरोट, पिस्ता यहां बिकेंगे। भारत के किसान का क्या होगा ? क्या सरकार नहीं जानती की भारत वहां के कृषि और दुग्ध उत्पाद पर इसलिए बैन लगाते हैं कि हम अपने किसानों का संरक्षण करना चाहते हैं।

‘मेक इन इंडिया’ का क्या हुआ?: कांग्रेस

कांग्रेस ने कहा कि युद्धविराम की तरह ही व्यापार समझौते की घोषणा भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की। बताया जा रहा है कि यह व्यापार समझौता ‘मोदी के अनुरोध पर’ किया जा रहा है। ट्रंप का कहना है कि भारत अमेरिका के खिलाफ लगाए गए टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को ‘शून्य’ करने की दिशा में कदम उठाएगा। ऐसा लगता है कि भारत ने अमेरिका के लिए अपना बाजार पूरी तरह से खोलने पर सहमति जताई है। इससे भारतीय उद्योग, व्यापारियों और किसानों पर असर पड़ेगा। बयान में कृषि क्षेत्र को भी अमेरिका के लिए खोलने की बात कही गई है। आखिर यह समझौता क्या है? हमारे किसानों की सुरक्षा और हितों को कैसे सुनिश्चित किया गया है? यह भी कहा गया है कि मोदी सरकार रूस से तेल नहीं खरीदेगी, बल्कि अमेरिका और वेनेजुएला से खरीदेगी। क्या मोदी सरकार ने इस शर्त को मान लिया है? इसके अलावा अमेरिका से ज्यादा सामान खरीदने की बात भी हो रही है। अगर ऐसा है, तो ‘मेक इन इंडिया’ का क्या हुआ? भारत को व्यापार समझौते के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। मोदी सरकार को संसद और पूरे देश को विश्वास में लेना चाहिए और सभी विवरण साझा करने चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!