विपक्ष के हंगामे से लोकसभा की कार्यवाही स्थगित, PM नरेंद्र मोदी का संबोधन टला, सियासत गरमाई

Loksabha Proceedings Adjourned: लोकसभा में विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बुधवार को चार बार स्थगित करनी पड़ी, लेकिन हंगामा जारी रहा, जिसके चलते स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 5 फरवरी को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रस्तावित संबोधन भी नहीं हो सका। दरअसल, लगातार स्थगन के बाद शाम करीब 5 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, उसी दौरान विपक्ष की महिला सांसदों ने सत्ताधारी सांसदों की कुर्सियों का घेराव कर लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी भी घेर ली गई। महिला सांसदों के हाथों में बड़े-बड़े बैनर थे, जिन पर लिखा था- जो सही है, वो करो। विपक्षी सांसद मंगलवार को हुए हंगामे के बाद 8 सांसदों के निलंबन का विरोध कर रही थी।
यह भी पढ़ें:- 379 दिन बाद रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुए पूर्व मंत्री कवासी लखमा, CM साय और बीजेपी नेताओं का जताया आभार
बढ़ते शोर-शराबे के बीच स्पीकर ने कार्यवाही स्थगित कर दी। बाद में कुछ मंत्रियों के समझाने पर सांसदों ने घेराव समाप्त किया। इससे पहले दिन में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के कार्यालय में भी बीजेपी और विपक्षी सांसदों के बीच तीखी बहस हुई। सामने आए वीडियो में विपक्ष की महिला सांसद केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू से बहस करती नजर आ रही हैं। लगातार हंगामे और गतिरोध के चलते पूरे दिन सदन की कार्यवाही प्रभावित रही और प्रधानमंत्री का संबोधन टल गया। इस पर विपक्षी पार्टियों के सांसद सत्ता पक्ष पर हमलावर हो गए। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जब सरकार चाहती है कि कुछ व्यवधान करना है तो सरकार निशिकांत दुबे को उठाती है। सरकार नेता प्रतिपक्ष को किताब कोट नहीं करने दे रहे हैं जो कि एक प्रकाशित किताब है। ये लोग कह रहे हैं कि यह नियम का उल्लंघन है। यह सरकार स्पष्ट दिखाना चाहती है कि इस संसद में केवल उन्हीं की चलती है। यह लोकतंत्र का अनादर है। यह संसद लोकतंत्र का मंदिर है और इसमें सभी की आस्था है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने साधा निशाना
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगे कहा कि पीएम मोदी डर गए और इसीलिए वह सदन में नहीं आए। केंद्रीय रेल मंत्री और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे बुलेट ट्रेन की तरह भाग गए। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि हम काम करने के लिए तैयार हैं, लेकिन यह उन पर निर्भर करता है। वे नहीं चाहते कि सदन चले। वे सदन के हर सदस्य को सस्पेंड कर सकते हैं। वेणुगोपाल ने आगे कहा कि आप प्रधानमंत्री से पूछिए कि वे क्यों नहीं आ रहे हैं। यह संसद है या कोई और सेंटर? सरकार इसे मज़ाक बनाने की कोशिश कर रही है। हम यह सब नहीं होने देंगे। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 5 बजे बोलने वाले थे, लेकिन वे नहीं आए। उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है। यह मुद्दा है कि विपक्ष क्या बोलेगा। सरकार उनके भाषण तय कर सकती है, लेकिन हमारे भाषण तय नहीं कर सकती है।
सपा सांसद राम गोपाल यादव का तंज
सपा प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कोशिश रहती है कि चर्चा ना हो। ये हम लोगों ने देखा कि जिस समय चीन के सवाल पर विपक्ष के नेता और अन्य दल जानकारी हासिल करना चाहते थे भाजपा पीछे हट गई है। इस बात को हम कई बार दोहराते हैं चीन के साथ हमारे संबंध कैसे हो उस पर हमेशा विचार करके फैसले लेने चाहिए। हमने बहुत सारी जमीन खोई है, पहले भी खोई है और बाद में फिर हमने जमीन खो दी। फौज के लोग क्या कहते हैं वो पक्ष आए और देश की जनता जाने। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि मैं 1952 से लेकर 2014 तक कई प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल देख चुका हूं। इससे ज्यादा भाजपा और कांग्रेस ने पूरे सत्र को नहीं चलने दिया मैं उसका चश्मदीद गवाह हूं, लेकिन कभी ये नौबत नहीं आई कि लोग सस्पेंड हों इससे पहले राज्यसभा में पूरा विपक्ष सस्पेंड हो गया। जो कुछ लिखा है वो सोशल मीडिया पर है तो यहां पढ़ने में क्या दिक्कत है ? क्या है जो छिपाया जा रहा है? ये लोग क्यों घबरा रहे हैं?
सांसदों को बोलने नहीं दिया जा रहा: डिंपल
सपा की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज जिस तरह से संसद में विपक्ष के नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा है। अगर विपक्ष चाह है कि USA के साथ जो डील हुई है उसपर बात होनी चाहिए। कृषि और डेयरी उत्पाद का आयात आप जीरो टैरिफ पर कर रहें, आपने ऐसे कदम क्यों उठाया है। अगर हम रूस से सस्ता पेट्रोल ले रहे थे वो क्यों बंद हो रहा है। डिंपल यादव ने कहा कि हम चाहते हैं कि सदन चले और सभी सांसद अपनी बात रखें, लेकिन विपक्ष के नेता और बाकी सांसदों को बोलने नहीं दिया जा रहा है। हमारे बहुत सारे मुद्दे हैं और हम चाहते हैं कि सदन चले और लोगों के संज्ञान में बाते आएं। उन्होंने आगे कहा कि इसके पुख्ता सबूत हैं कि किस तरह से वोट काटे जा रहे हैं, जहां-जहां समाजवादी पार्टी के बूथ मजबूत हैं, उन बूथों पर वोट काटे जा रहे हैं। अगर हमें इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी जाना पड़ा तो हम जाएंगे। ममता बनर्जी खुद यह केस देख रही हैं और लड़ रही हैं, हम भी उनका पूरा समर्थन कर रहे हैं।
LJP(रामविलास) सांसद राजेश वर्मा का पलटवार
LJP(रामविलास) सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रपति अभिभाषण पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। देश की सुरक्षा में खड़े जवानों के मनोबल को नीचा दिखाने का काम यदि विपक्ष के नेता करें। सदन को चलने ना दें, हम सांसदों को अपनी बात रखने का मौका ना दें। क्या इस तरीके से सदन चलने की बात राहुल गांधी और प्रियंका गांधी करते हैं। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि विपक्ष का जनाधार घट गया है। लोग उनके साथ नहीं हैं। देश के डिफेंस के बारे में किसी तरह की राजनीति नहीं करनी चाहिए। लोगों को मालूम है कि इनका इसके पीछे क्या इरादा है। भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि राहुल गांधी के व्यवहार की जितनी निंदा की जाए कम है। इस तरह का व्यवहार अगर एक सांसद करें तो बहुत शर्मनाक है। केंद्रीय मंत्री बी.एल वर्मा ने कहा कि सदन का हर सत्र महत्वपूर्ण होता है विशेष रूप से बजट सत्र और इसमें जिस तरह से विपक्ष हंगामा करके सदन में व्यवधान पैदा करना चाहता है, यह देश की जनता सब देखती है। यहां अपने विचारों को रखना चाहिए, लेकिन उनके पास शोर मचाने के अलावा कुछ नहीं है।
लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला काम: गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला काम सदन के अंदर हुआ। राहुल गांधी ने समझ लिया कि ये कांग्रेस पार्टी का दफ्तर है। देश के खिलाफ बोलना कभी सकारात्मक सोच का काम नहीं करना। राहुल गांधी के नेतृत्व में देश के खिलाफ एक साजिश के तहत ये हुआ है। भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा कि विपक्षी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई इसलिए की गई, क्योंकि वो हमारे संसद के सेक्रेटरी जनरल की टेबल पर चढ़कर नारेबाजी कर रहे थे। यह निंदनीय है, जो उन पर कार्रवाई की गई है वो सही है। इस प्रकार से कोई और भी करेगा तो मुझे पूरा विश्वास है कि अध्यक्ष इस प्रकार की कार्रवाई करेंगे। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी जी की सोच नकारा सोच है। वे और उनके सांसद लोकसभा में ओछी हरकत करते हैं। (Loksabha Proceedings Adjourned)



