जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर हादसा, ट्रेलर में घुसी कार, शादी-समारोह से लौट रहे 6 युवकों की मौत

Road Accident in Rajasthan: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 6 युवकों की मौत हो गई। सभी युवक शादी-समारोह से लौट रहे थे। हादसा जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कैलाई गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आ रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए। ड्राइवर सीट पर बैठे युवक का शव हादसे के बाद आधा बाहर लटका हुआ था।
यह भी पढ़ें:- कोरबा में बेटी ने पिता की हंसिए से गला काटकर की हत्या, 27 साल की यूट्यूबर ने ली जान
हादसे के बाद कार को ट्रेलर से अलग करने के लिए क्रेन की मदद ली गई। इसके बाद गंभीर रूप से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। सिकंदरा अस्पताल में 4 युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 2 गंभीर घायलों को दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरे युवक की इलाज के दौरान जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।हादसे में समय सिंह योगी (25), लोकेश योगी (24), दिलखुश योगी (24), मनीष योगी (23), अंकित बैरवा (26) और नवीन (23) की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक सभी युवक कालाखो गांव के रहने वाले थे, जो आभानेरी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। (Road Accident in Rajasthan)

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक 2023 में देशभर में 4 लाख 64 हजार 029 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिसमें 1 लाख 73 हजार 826 लोगों की मौत हुई और लगभग 4.47 लाख लोग घायल हुए। मौतों में ओवर-स्पीडिंग और लापरवाह ड्राइविंग सबसे बड़े कारण रहे। दोपहिया सवारों की हिस्सेदारी लगभग 46% रही। जबकि शाम 6 से 9 बजे के बीच सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं हुई, जिससे सड़क सुरक्षा में सुधार की सख्त आवश्यकता है। (Road Accident in Rajasthan)



