कनाडा के हाई स्कूल में गोलीबारी, हमलावर समेत 10 लोगों की मौत, 25 घायल

Shooting in Canada School: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर में मंगलवार को एक हाई स्कूल में भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्कूल को एहतियातन बंद कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट पर टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर में प्रवेश किया। अंदर कई लोग घायल और मृत अवस्था में मिले।
यह भी पढ़ें:- जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर हादसा, ट्रेलर में घुसी कार, शादी-समारोह से लौट रहे 6 युवकों की मौत
पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति को हमलावर माना जा रहा है, वह भी मृत पाया गया। उसके शरीर पर खुद को चोट पहुंचाने के निशान मिले हैं। आरसीएमपी के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडर केन फ्लॉयड ने कहा कि स्थिति तेजी से बदल रही थी और बेहद गंभीर थी। स्कूल प्रशासन, इमरजेंसी सेवाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पुलिस ने हालात पर काबू पाया। हमलावर के अलावा छह अन्य लोग स्कूल परिसर के भीतर मृत पाए गए। दो गंभीर रूप से घायलों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। (Shooting in Canada School)

करीब 25 लोगों को हल्की चोटों के साथ स्थानीय मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी छात्रों और स्कूल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है। इलाके के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि हालात को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और एंबुलेंस की टीम तैनात की गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में ही सुरक्षित रहें और अफवाहों से बचें। ब्रिटिश कोलंबिया की पब्लिक सेफ्टी मंत्री और सॉलिसिटर जनरल नीना क्रिगर ने घटना को दिल दहला देने वाली बताया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करेगी।
स्कूल पूरे हफ्ते बंद
सरकारी वेबसाइट के मुताबिक टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक कुल 175 छात्र पढ़ते हैं। घटना के मद्देनजर टम्बलर रिज के एलीमेंट्री और सेकेंडरी स्कूलों को पूरे हफ्ते के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने ऑनलाइन जारी बयान में कहा कि इस दुखद घटना के कारण शैक्षणिक गतिविधियां अस्थायी रूप से स्थगित रहेंगी। आरसीएमपी ने टम्बलर रिज में जारी इमरजेंसी अलर्ट समाप्त कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध के फरार होने की आशंका नहीं है और आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है। (Shooting in Canada School)



