लोकसभा में बजट पर घमासान: विपक्ष ने वित्त मंत्री के जवाब को बताया अधूरा, भाजपा ने कहा- तथ्यों के साथ दिया करारा जवाब

Politics on Sitharaman Speech: लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पर दिए गए जवाब के बाद सियासी संग्राम तेज हो गया। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और शिवसेना (UBT) समेत विपक्षी दलों ने वित्त मंत्री पर किसानों, राज्यों और अहम मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जवाब को संतोषजनक नहीं बताया। वहीं भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं ने वित्त मंत्री का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने विपक्ष के हर आरोप का तथ्य और आंकड़ों के साथ जवाब दिया। विपक्ष तथ्यों से घबराकर हंगामा कर रहा है।
यह भी पढ़ें:- अब ‘नकली सच’ पर चलेगा कानून का डंडा! 20 फरवरी से AI-जनित वीडियो-फोटो पर सख्त नियम लागू
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने किसी भी मुद्दे का ठीक से जवाब नहीं दिया। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमें लगा था कि कुछ आएगा, क्योंकि इस बजट में ज्यादातर राज्यों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है। हमें लगा था कि वित्त मंत्री जवाब के दौरान कुछ राज्यों को कुछ राहत देंगी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। विपक्ष के नेता ने जो सवाल उठाए थे, उनका जवाब नहीं दिया गया। कोई जवाब नहीं आया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस बजट में सरकार ने पूरी तरह से किसान को दरकिनार करने का काम किया, जो हमारी MSP की मांग थी उसका जिक्र तक नहीं किया। (Politics on Sitharaman Speech)
किसानों को बड़ा नुकसान: हुड्डा
हुड्डा ने कहा कि उन्होंने अमेरिका से डील कर ली,। जिस डील में किसान को बड़ा नुकसान आने वाले समय में होने जा रहा है। पूरी डील से देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने का अनुमान है। कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि विपक्ष के नेता की ओर से जो सवाल उठाए गए थे, निर्मला सीतारमण ने उनका जवाब ना देने की कोशिश की। हमारा मानना है कि जिस तरह की डील हुई है, उससे अमेरिका के किसानों का फायदा है। हमारा नुकसान है। शिवसेना (UBT) के सांसद अनिल देसाई ने कहा कि जिस तरह से वित्त मंत्री विपक्ष की आलोचना कर रही थीं या उन पर बहुत ज्यादा गुस्सा दिखा रही थीं।
सपा सांसद डिंपल यादव का तंज
उन्होंने कहा कि वह वित्त मंत्री के तौर पर उनके पद के लिए सही नहीं था। उन्हें और विनम्र होना चाहिए था। उन्हें सिर्फ बजट और प्रावधानों पर जवाब देना चाहिए था। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बंगाल के चुनाव को देखते हुए बंगाल की ही बात कर रही थीं। वो बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध के बारे में बात कर रही थीं, लेकिन वे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मुद्दे नहीं उठा रही थीं। उन्होंने पक्षपाती तरीके से बात रखी है, जिस तरह से अमेरिका के साथ डील हुई। इससे हमारे किसानों, छोटे-छोटे उद्योगपतियों को नुकसान होगा। (Politics on Sitharaman Speech)
एक-एक आंकड़े के साथ जवाब दिया: बिट्टू
समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि हम पहले यही उम्मीद कर रहे थे कि बजट अच्छा आएगा, लेकिन खोखला बजट प्रस्तुत किया। विपक्ष ने जो सवाल सदन में खड़े किए थे, वित्त मंत्री ने किसी का भी सार्थक जवाब नहीं दिया, बल्कि ऐसा लगा कि वो राजनीतिक भाषण दे रही हैं। इस पर सत्ता पक्ष ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि यहां भाषण देकर भागने की प्रथा नहीं है। यह पहला विपक्ष के नेता है, जो बोलते हैं और भाग जाते हैं। वित्त मंत्री ने एक-एक आंकड़ें के साथ विपक्ष के नेता को जवाब दिया है। जब विपक्ष को कुछ नहीं मिला तो कांग्रेस के सारे सांसद वॉक आउट करके भागना चाह रहे थे। राहुल गांधी बोले और फिर सदन छोड़कर भाग गए, इससे पता चलता है कि उनकी एक भी बात में जान नहीं थी।
राहुल गांधी अब फ्रॉड बालक हो गया: गिरिराज
केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि राहुल गांधी के भाषण का निर्मला सीतारमण जी ने सदन में जवाब दिया और उन्होंने पूरी पोल खोल दी है, सच सामने आया है कि आखिर देश का हित कौन सोच रहा है और देश को बर्बाद किसने किया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले अबोध बालक था, अब फ्रॉड बालक हो गया है, जो केवल झूठ ही बोलता है। राहुल गांधी ने जितना सदन में बोला सब झूठ बोला। कांग्रेस पार्टी ने देश को बेचा, निर्मला सीतारमण ने सच बोला। भाजपा नेता पीपी चौधरी ने कहा कि इस देश को कोई बेच नहीं सकता। अगर किसी ने देश बेचा है और देश को बेचने की कोशिश की है तो वो सिर्फ कांग्रेस ने की है।
विपक्ष के पास सच सुनने की क्षमता नहीं: बोम्मई
भाजपा सांसद सीपी जोशी ने कहा कि निर्मला सीतारमण एक सशक्त महिला हैं, प्रधानमंत्री मोदी की मजबूत सरकार की वित्त मंत्री हैं और उन्होंने हर बात का जवाब दिया और तथ्यों के साथ जवाब दिया। भाजपा सांसद बसवराज एस. बोम्मई ने कहा कि वो हंगामा करते हैं, क्योंकि उनमें सच सुनने की क्षमता नहीं है। निर्मला सीतारमण ने पर्दाफाश कर दिया। राहुल गांधी बजट पर एक भी शब्द नहीं बोले, वो एक राजनीतिक भाषण था। निर्मला सीतारमण ने हर प्वाइंट का जवाब दिया। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास सदन से बाहर भागने के अलावा और कोई उपाय नहीं बचा था। निर्मला सीतारमण ने एक-एक बात को रख दिया और तथ्य आधारित जवाब मिला।
सीतारमण ने विपक्ष को आईना दिखाया: भारती
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि निर्मला सीतारमण ने सभी बातों को बिलकुल स्पष्ट रूप से रख दिया और मुझे लगता है कि कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। LJP(RV) सांसद अरुण भारती ने कहा कि निर्मला सीतारमण ने विपक्ष को आईना दिखाया है, जो सवाल विपक्ष ने बजट पर किए थे, निर्मला सीतारमण ने तथ्य के साथ उसका जवाब दिया, जितने सवाल पूछे गए, निर्मला सीतारमण ने आंकड़ों के साथ उनको आईना दिखाया, जो उनको अब बर्दाश्त नहीं हो रहा है और अब प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कल केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए थे, जिसका केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया। (Politics on Sitharaman Speech)



