बिना नोटिस गंभीर आरोप लगाने पर घिरे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएगी सरकार

Breach of Privilege Motion: लोकसभा में बजट चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने और बिना पूर्व सूचना गंभीर आरोप लगाने का आरोप लगाया है।रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ बिना नोटिस गंभीर आरोप लगाए, जो सदन के नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में स्पीकर को विशेषाधिकार हनन का नोटिस देगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सदन की कार्यवाही के स्पष्ट नियम हैं, जिनके तहत किसी सदस्य पर गंभीर आरोप लगाने से पहले लिखित सूचना देना और आरोपों को प्रमाणित करना आवश्यक होता है।
यह भी पढ़ें:- लोकसभा में हंगामे पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, शाहीन बाग जैसी स्थिति बनाने का आरोप
उन्होंने राहुल गांधी से सदन में आकर अपने बयानों को प्रमाणित करने की मांग भी की। रिजिजू ने यह भी कहा कि बजट पर बोलते हुए राहुल गांधी ने सरकार और प्रधानमंत्री पर भारत और भारतीय हितों को बेचने जैसे आरोप लगाए, जो निराधार हैं। उन्होंने कहा कि न कोई इस देश को बेच सकता है और न ही कोई इसे खरीद सकता है। साथ ही रिजिजू ने यह मुद्दा भी उठाया कि राहुल गांधी अपना भाषण समाप्त करने के बाद सदन से बाहर चले गए, जबकि परंपरा के अनुसार सदस्य को मंत्री के जवाब के दौरान उपस्थित रहना चाहिए। सरकार ने कहा कि सदन के भीतर इस मामले में औपचारिक कार्रवाई की जाएगी, जबकि राजनीतिक स्तर पर आरोपों का जवाब दिया जाएगा। (Breach of Privilege Motion)
राहुल गांधी ने कोई योगदान नहीं दिया: रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि बजट चर्चा में राहुल गांधी ने कोई ठोस और सार्थक योगदान नहीं दिया, बल्कि केवल निराधार और बेबुनियाद आरोप लगाए। मंत्री ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से अनुरोध किया था कि वे शाम 5 बजे वित्त मंत्री के बजट पर जवाब के दौरान सदन में उपस्थित रहें, लेकिन अपने भाषण के तुरंत बाद वे सदन से बाहर चले गए। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार कोई भी सदस्य अपना भाषण समाप्त होते ही सदन नहीं छोड़ सकता। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जानबूझकर ऐसा बार-बार करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का भाषण आमतौर पर झूठ और आरोपों से भरा होता है और वे मंत्री के जवाब को सुनने के लिए सदन में नहीं बैठते। रिजिजू ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के पद की गरिमा के अनुरूप गंभीर आचरण की अपेक्षा की जाती है।
असंसदीय और झूठी बातें बोली: रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने आरोपों को प्रमाणित करने का वादा किया है, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाएंगे, क्योंकि उन्होंने सदन में झूठ बोला है। रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने सदन को गुमराह किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट पर भाषण देते समय राहुल गांधी ने बिना किसी तर्क, साक्ष्य और पूर्व सूचना के आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि उनके भाषण में कही गई गलत, असंसदीय और झूठी बातों को कार्यवाही से हटाया जाना चाहिए। कुल मिलाकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने राहुल गांधी पर सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने, नियमों का उल्लंघन करने और आधारहीन आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई की घोषणा की है। (Breach of Privilege Motion)



