Google Analytics —— Meta Pixel

कोरबा में 2 साल के मासूम की संदिग्ध मौत, गोबर गैस चैंबर में मिला बच्चे का शव, सोमवार से था लापता 

Suspicious Death of Child: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेलीमुंडा गोपालपुर गांव में सोमवार दोपहर से लापता दो साल के हर्ष कंवर का शव मंगलवार सुबह घर की बाड़ी में बने बंद पड़े गोबर गैस टैंक से बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक प्रमोद कंवर ने सोमवार को दर्री थाना में अपने दो साल के पोते के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। प्रमोद कंवर ने पुलिस को बताया कि हर्ष दोपहर के समय घर पर उनके साथ था और खेलते-खेलते अचानक नजरों से ओझल हो गया। परिजनों ने तत्काल गांव, खेल मैदान, पड़ोसियों के घर, कुएं और आसपास की झाड़ियों में उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। 

यह भी पढ़ें:- 71 हजार सैलरी वाले सरकारी शिक्षक का फर्जीवाड़ा !, फर्जी आय प्रमाण-पत्र बनवाकर बेटी को दिलाई मुफ्त शिक्षा

पड़ोसी और ग्रामीण भी खोजबीन में जुटे रहे। सूचना मिलने के बाद दर्री पुलिस मंगलवार सुबह गांव पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। घर के आंगन, कुएं और आसपास के इलाकों की जांच के दौरान पुलिस का ध्यान घर से कुछ दूरी पर बाड़ी में बने एक बंद पड़े गोबर गैस टैंक की ओर गया। टैंक बाहर से बंद था, लेकिन उसका चैंबर खुला हुआ था और उसमें पानी भरा हुआ था। शक होने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से टैंक का पानी खाली कराया। पानी कम होने पर मासूम हर्ष का शव अंदर मिला। शव मिलने की खबर से गांव में भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

तमिलनाडु में काम कर रहे हैं माता-पिता

मृतक हर्ष कंवर के माता-पिता लक्ष्मी कंवर और उनकी पत्नी रोजी-रोटी के सिलसिले में कुछ महीने पहले तमिलनाडु गए हुए हैं। हर्ष अपने दादा-दादी और बुआ के साथ गांव में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक माता-पिता की योजना थी कि तमिलनाडु में व्यवस्थित होने के बाद वे हर्ष को अपने साथ ले जाएंगे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सोमवार को बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। मंगलवार को शव बरामद कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। वहीं एएसपी लखन पटले ने भी बताया कि मामले में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। दर्री थाना क्षेत्र की इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में खुले या असुरक्षित संरचनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेहतर भविष्य की तलाश में तमिलनाडु गए माता-पिता को शायद अंदाजा भी नहीं था कि पीछे छूट गया उनका मासूम यूं हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएगा। दो वक्त की रोटी की जद्दोजहद में परिवार बिखर गया। (Suspicious Death of Child)

Back to top button
error: Content is protected !!