मोबाइल चैलेंज या कुछ और ?…धमतरी के सरकारी स्कूल में 35 बच्चों ने काटी कलाई, पालक परेशान

Dahdaha Government Middle School: धमतरी जिले के कुरूद ब्लॉक स्थित दहदहा सरकारी मिडिल स्कूल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूल के 35 छात्रों की कलाई पर कट के निशान पाए गए हैं। इस घटना से प्रशासन, पालक और ग्रामीण सभी हैरान हैं। जानकारी के मुताबिक करीब एक महीने पहले बच्चों ने अपने हाथों पर नुकीली वस्तुओं से कट के निशान बनाए थे, लेकिन इस घटना का खुलासा 13 फरवरी को हुआ। जब इसकी जानकारी पालकों को मिली तो वे चिंतित होकर स्कूल पहुंचे और शिक्षकों से जवाब मांगा।
यह भी पढ़ें:- सूरजपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़, कई घायल
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू की और बच्चों की काउंसलिंग भी कराई। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इतने बच्चों ने ऐसा कदम क्यों उठाया। स्कूल में कुल 92 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें से 35 बच्चों की कलाई पर कट के निशान मिले हैं। प्रभावित बच्चों में 14 छात्राएं और 21 छात्र शामिल हैं। इनकी उम्र 11 से 14 साल के बीच है। अधिकांश बच्चों के घाव भर चुके हैं, लेकिन निशान अभी भी दिखाई दे रहे हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों ने आलपिन, कांटे, स्पेटिंक पिन, ब्लेड जैसी चीजों से खुद ही ये निशान बनाए हैं।

कुछ पालकों का कहना है कि गांव में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है और इसका असर बच्चों पर पड़ रहा है। इस बीच बुधवार को कुरूद एसडीएम नभसिंह कोसले और एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने स्कूल पहुंचकर जांच की। अधिकारियों ने हर बच्चे से 8 से 10 मिनट तक अलग-अलग बातचीत की। एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने कहा कि गांव में नशे के अवैध कारोबार की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने संभवतः एक-दूसरे को चैलेंज देते हुए अपने हाथों पर कट के निशान बनाए हैं। कुछ निशान 4 से 6 महीने पुराने हैं, जबकि कुछ हाल के हैं। (Dahdaha Government Middle School)

अधिकारियों ने नशे के एंगल से भी जांच की है और शिक्षक, पालकों समेत ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं मोबाइल गेम या सोशल मीडिया के किसी चैलेंज का असर तो नहीं है। साइकोलॉजिस्ट का कहना है कि यह गंभीर मामला है। अगर बच्चों के व्यवहार में बदलाव दिखे तो पालकों को तुरंत उनसे बात करनी चाहिए। यह जानना जरूरी है कि बच्चा मोबाइल पर क्या देख रहा है, कौन सा गेम खेल रहा है और उसकी दिनचर्या कैसी है। फिलहाल प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है। बच्चों की काउंसलिंग जारी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में बच्चों ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

स्कूल के प्राचार्य पुनीत राम साहू ने बताया कि छठवीं से आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं पिछले करीब दो महीनों से एक-दूसरे को देखकर यह कृत्य कर रहे थे। वहीं मामले की जांच के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने टीम गठित की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आ पाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग शुरू कर दी गई है। परिजनों को समझाइश दी गई है कि वे बच्चों पर ध्यान दें और उनके व्यवहार में किसी भी बदलाव को नजरअंदाज न करें। वहीं अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा पर और ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
![]()
यह घटना अभिभावकों और स्कूल प्रशासन दोनों के लिए चेतावनी है कि बच्चों की गतिविधियों और मानसिक स्थिति पर लगातार नजर रखना बेहद जरूरी है। बच्चों की दिनचर्या, मोबाइल उपयोग और व्यवहार में हो रहे बदलाव पर नजर रखना जरूरी है। यह घटना सिर्फ एक स्कूल तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के लिए भी एक संकेत है कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। समय रहते संवाद, मार्गदर्शन और निगरानी ही ऐसी घटनाओं को रोक सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों से खुलकर बातचीत और नियमित काउंसलिंग से ऐसी प्रवृत्तियों को रोका जा सकता है। अब जरूरत है जागरूकता और सतर्कता की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। (Dahdaha Government Middle School)



